Zomato share price: अगर आपके पास जोमैटो के शेयर हैं तो आपके लिए बेहद ही बुरी खबर है। जोमैटो के शेयर लगातार गिर रहे हैं, आलम यह है कि आज जोमैटो के शेयर अपने इश्यू प्राइस से भी नीचे गिर गए। मंगलवार के कारोबार के दौरान जोमैटो के शेयर (Zomato stock price) बीएसई पर ₹75 के ऑल टाइम लो लेवल तक गिर गए। कंपनी का इश्यू प्राइस 76 रुपये का था। इस हिसाब से निवेशकों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। हालांकि, फूड डिलीवरी कंपनी (online food delivery company) के शेयरों में अभी हल्की रिकवरी आई है। अभी बीएसई पर जोमैटो के शेयर 6.31 फीसदी की बड़ी गिरावट के साथ 77.20 रुपये पर कारोबार कर रहे हैं।
5 ट्रेडिंग सेशंस में 18% तक की गिरावट
पिछले पांच कारोबारी सत्रों में स्टॉक में लगभग 18% तक की गिरावट आई है, जबकि न्यू ऐज के तकनीकी शेयरों में हालिया वैश्विक बिकवाली के बाद एक महीने में इसमें 41% से अधिक की गिरावट आई है। ऑनलाइन फूड डिलीवरी फर्म ने पिछले हफ्ते दिसंबर तिमाही के लिए नतीजे जारी किए हैं, जिसके मुताबिक कंपनी नुकसान में है। फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म ने तिमाही के दौरान 67 करोड़ रुपए के कंसोलिडेटेड शुद्ध नुकसान की सूचना दी है। यह पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि में ₹352.6 करोड़ के समेकित शुद्ध नुकसान से कम है। कंपनी के शेयरों में निवेशकों का भरोसा कम हो रहा है और शेयरों में गिरावट जारी है।
ब्रोकरेज हाउस ने घटाए टारगेट प्राइस
इकोनॉमिक टाइम्स की एक खबर के मुताबिक, जेफरीज (Jefferies), क्रेडिट सुइस (Credit Suisse), जेएम फाइनेंशियल (JM Financial) जैसे ब्रोकरेज फर्म ने जोमैटो के शेयर प्राइस घटा दिए हैं। Jefferies ने Buy रेटिंग बनाये रखने के साथ जोमैटो के शेयरों का टारगेट प्राइस घटाकर 120 रुपये कर दिया है। इससे पहले, इस ब्रोकरेज फर्म ने जोमैटो के शेयरों के लिए 175 रुपये का टारगेट प्राइस दिया था। वहीं, क्रेडिट सुइस ने आउटपरफॉर्म रेटिंग बरकरार रखते हुए टारगेट प्राइस 185 रुपये से घटाकर 120 रुपये कर दिया है। जेएम फाइनेंशियल ने खरीदारी का रुख बनाए रखते हुए टारगेट प्राइस को 180 रुपये से घटाकर 155 रुपये कर दिया है। Goldman Sachs ने जोमैटो पर खरीदारी की राय बरकरार रखी है। वहीं टारगेट प्राइस 185 रुपए से घटाकर 160 रुपए कर दिया है।
पेटीएम शेयरों में भी गिरावट
वहीं दूसरी ओर पेटीएम के शेयरों (Paytm stock) में भी गिरावट है, कंपनी के शेयर बीएसई पर 1.62 फीसदी नीचे 850 रुपये पर पहुंच गए। जिससे निवेशकों की संपत्ति का 60 प्रतिशत से अधिक का नुकसान हुआ। पेटीएम आईपीओ का इश्यू प्राइस 2,150 रुपये था। पेटीएम के स्टॉक से वारेन बफेट को करीब 35 फीसदी का नुकसान हुआ है। हालांकि, ब्रोकेरज हाउस का कहना है कि बुल केस सिनेरियो में कंपनी के शेयर 119 फीसदी की तेजी के साथ 2,090 रुपये के स्तर पर पहुंच सकते हैं। वहीं, गिरावट का रुख रहने पर कंपनी के शेयर 820 रुपये तक जा सकते हैं।







