बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। उधर, भारत में तमाम संगठन बांग्लादेशी हिंसा पर सवाल उठा रहे हैं। विश्व हिंदू परिषद ने भी बुधवार को नई दिल्ली में बांग्लादेश उच्चायोग के सामने प्रदर्शन का ऐलान किया है। साथ ही कहा कि पूरे भारतवर्ष के हर जिले में हिंदुओं पर हिंसा के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। विहिप ने कहा कि कट्टरपंथियों के हिंदुओं पर अत्याचार की तुलना नाजियों की क्रूरता से की जा सकती है।
पिछले एक सप्ताह से बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा बढ़ती जा रही है। आधा दर्जन से अधिक हिंदुओं का कत्लेआम, हिंदू मंदिरों में तोड़फोड़ और फिर कुछ कट्टरपंथियों ने 29 घरों को फूंक दिया गया। इस घटना पर अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र संघ भी नाराजगी जाहिर कर चुका है। उधर, बांग्लादेश में भी अल्पसंख्यक वर्ग लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। बांग्लादेश पीएम शेख हसीना मामले में कड़ी कार्रवाई की बात कह रही है। उनका कहना है कि अब तक कई लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। हम किसी को भी नहीं बख्शेंगे।
बांग्लादेश में हिंसा की आग भारत भी पहुंच चुकी है। पहले भाजपा और अब विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने विरोध के सुर तेज कर दिए हैं। एक प्रेस रिलीज जारी करते हुए संगठन ने कहा, “बांग्लादेश में अल्पसंख्यक समुदायों पर हमलों के कारण अशांति फैल रही है। इसलिए विश्व हिंदू परिषद बुधवार को नई दिल्ली में बांग्लादेश उच्चायोग के प्रदर्शन करेगा। साथ ही पूरे भारतवर्ष में सभी जिलों में इस हिंसा के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। “
Press Statement:
Hindu Genocide intolerable; UN should send Peace Keeping Force: @drskj01
Nationwide protest on 20th ; burn effigy of Jihadist terrorism & Memorandum to Mahamahim pic.twitter.com/MNn7fy5ZGO
— Vishva Hindu Parishad -VHP (@VHPDigital) October 19, 2021
विहिप के केंद्रीय संयुक्त महासचिव सुरेंद्र जैन ने कहा कि प्रदर्शनों में “जिहादी आतंकवाद का पुतला दहन किया जाएगा। उन्होंने कहा, “कट्टरपंथी इस्लामी जिहादियों और कट्टरपंथियों” द्वारा हिंदुओं पर किए गए अत्याचारों की तुलना केवल नाजियों की क्रूरता से की जा सकती है। संगठन ने हिंदुओं पर हिंसक हमलों को समाप्त करने के लिए संयुक्त राष्ट्र से बांग्लादेश में शांति रक्षक बल भेजने का भी आह्वान किया है।
कुछ दिन पहले कोलकाता में कुछ धार्मिक संगठनों ने बांग्लादेश उप उच्चायोग के सामने भजन गाते हुए प्रदर्शन किया था। भारतीय जनता पार्टी कुछ दिनों से दिल्ली के जंतर मंतर में प्रदर्शन कर रही है। उधर, इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस (इस्कॉन) ने मंगलवार को कहा कि वह बांग्लादेश में हमलों को लेकर 23 अक्टूबर को एक दिवसीय वैश्विक विरोध प्रदर्शन करने की योजना बना रहा है।







