बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के लिए चुनाव प्रचार पूरे जोर पर है। अपने प्रत्याशियों के लिए वोट मांगने के लिए सभी बड़े नेता रैली कर रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सारण जिले की परसा विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे थे। यहां से चंद्रिका राय जनता दल यूनाइटेड के उम्मीदवार हैं। मंच पर अपने पिता के साथ लालू यादव की बहू और तेज प्रताप यादव की पत्नी ऐश्वर्या राय भी मौजूद थीं। उन्होंने इस चुनावी सभा में नीतीश कुमार के पैर छुए।

इसके बाद सभा को संबोधित करते हुए ऐश्वर्या राय ने कहा कि मैं अपने पिता के लिए आप सभी लोगों से वोट मांगने आई हूं। यह परसा विधानसभा क्षेत्र के मान सम्मान की बात है। अपने संबोधन के दौरान ऐश्वर्या ने खुद भी राजनीति में आने के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि मैं कुछ ही समय बाद आप लोगों के बीच आऊंगी।

इस सभा को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने अपनी उपलब्धियों को जनता के सामने रखा। वहीं तेजप्रताप यादव और ऐश्वर्या राय की शादी के टूटने का जिक्र करते हुए नीतीश ने कहा कि एक पढ़ी लिखी लड़की से इस तरह व्यवहार हुआ। प्रकृति ने इस कृत्य के लिए लिए कोई न कोई व्यवस्था की ही होगी। उन्होंने कहा कि शादी में हमलोग गए थे लेकिन उसके बाद जो हुआ, वह किसी को अच्छा नहीं लगा।

नीतीश कुमार ने कहा कि महिलाओं का अपमान और उनके साथ इस तरह का व्यवहार बिल्कुल अनुचित है। उन्हें अभी समझ नहीं आ रहा होगा। लेकिन भविष्य में महिला के खिलाफ किए गए इस कृत्य की सजा जरूर मिलेगी। महिलाओं का अपमान करना बहुत खतरनाक है।

बता दें कि परसा विधानसभा क्षेत्र से चंद्रिका राय जदयू के उम्मीदवार हैं। वे यहां से राजद के टिकट पर पिछला चुनाव जीते थे। इसी बीच उनकी बेटी ऐश्वर्या राय की शादी लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव से हुई। लेकिन यह शादी ज्यादा दिन चल नहीं पाई। तलाक देने के बाद फिलहाल यह मामला अदालत में है। शादी टूटने के कारण खराब हुए संबंधों के बाद चंद्रिका राय ने नीतीश कुमार की पार्टी का दामन थाम लिया था।



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here