जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का ‘निश्चय संवाद’ अब 7 सितम्बर को होगा। इस वर्चुअल रैली के माध्यम से नीतीश कुमार अपने दल जदयू के बिहार विधानसभा चुनाव- 2020 के अभियान की शुरुआत करेंगे।
पहले यह रैली 7 अगस्त को ही होनी थी लेकिन कोरोना के बढ़ते संकट की वजह से इसे 6 सितम्बर को दल ने तय किया था। लेकिन, सोमवार को पूर्व राष्ट्रपति भारतरत्न प्रणव मुखर्जी के देहावसान की वजह से सात दिवसीय राजकीय शोक होने से दल ने एकबार फिर रैली की तिथि में बदलाव किया है। अब 7 सितम्बर को 11.30 बजे नीतीश कुमार दल के वर्चुअल प्लेटफार्म से बिहार की आम जनता, पार्टीजनों और एनडीए के तमाम समर्थकों, प्रशंसकों को संबोधित करेंगे। निश्चय संवाद की तिथि में बदलाव की जानकारी मंगलवार को जदयू के राष्ट्रीय सचिव रवीन्द्र प्रसाद सिंह ने दी।
जदयू अपनी इस पहली चुनावी रैली को पहुंचाना चाहता है गांव-गांव
बिहार में 15 साल से अपनी सरकार चला रहा जदयू अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की 7 सितम्बर की वर्चुअल रैली से बिहार के अधिकाधिक आम जनता को जोड़ने में जुट गया है। दल के नेताओं की कोशिश है कि बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी नेता की यह पहली रैली बिहार के हर गांव-चौक-चौराहों तक पहुंचे। रैली को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यालय के साथ ही जल संसाधन मंत्री संजय झा और भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी के आवासों पर बने वार रूम से इसकी लगातार मानिटरिंग की जा रही है। तकनीकी तैयारियों को परखा जा रहा है। जदयू के मीडिया सेल के अलावा तमाम प्रकोष्ठ, जिलाध्यक्ष, संगठन प्रभारी, सभी सांसद, विधायक और विधान पार्षद इसे सफल बनाने में जी-जान से जुट गए हैं।
गौरतलब है कि नीतीश कुमार के ‘निश्चय संवाद’ के साथ ही जदयू 10 लाख लोगों को लाइव जोड़ने की क्षमता वाले अपने वर्चुअल प्लेटफार्म जदयू लाइव डाटकाम की भी शुरुआत करेगा। इसके साथ ही दल के फेसबुक, टि्वटर एकाउंट के अलावा सोशल मीडिया के अन्य प्लेटफार्म से भी नीतीश कुमार के संबोधन का लाइव प्रसारण होगा।
पार्टी महासचिव रवीन्द्र प्रसाद सिंह ने बताया कि प्रदेश कायार्लय को आ रही सूचनाएं उत्साहवर्द्धक हैं। पार्टी के अलावा दल के सभी सांसद, विधायक, विधान पार्षद, पार्टी पदाधिकारियों और दल के समर्थकों की ओर से हर शहर, हर बस्ती, सभी चौक-चौराहों पर एलईडी स्क्रीन, प्रोजेक्टर और टीवी स्क्रीन पर आम लोगों से ‘निश्चय संवाद’ को जोड़ने की तैयारी है। हालांकि पार्टी की ओर से बार-बार यह संदेश भी दिया जा रहा है कि आयोजन के दौरान सामाजिक दूरी और कोविद-19 के अन्य एसओपी का पालन अनिवार्य रूप से हो। वर्चुअल रैली की सफलता को लेकर मंगलवार से जदयू के कई रथ भी सड़कों पर दौड़ने लगे हैं जिनमें मोटे अक्षरों में एक नारा अंकित है-‘नीतीश में विश्वास, बिहार में विकास’।
नए बने कर्पूरी भवन ने संबोधित करेंगे नीतीश
जदयू मुख्यालय स्थित नवनिर्मित कर्पूरी भवन से नीतीश कुमार बिहार के लोगों को 7 सितम्बर की सुबह 11.30 बजे से संबोधित करेंगे। करीब डेढ़ घंटे का यह कार्यक्रम होगा। पार्टी मुख्यालय में बना यह नया हॉल कई मायने में खास है, जहां से मुख्यमंत्री का लाइव संबोधन होगा। यह 100 गुने 100 वर्गफीट में बना है। इस सभागार के चारों तरफ पाटलि का वृक्ष लगाया जाना है। दस हजार वर्गफीट के प्रेक्षागृह में कोई भी बड़ा समारोह किया जा सकता है। यहां जदयू का वार रूम भी स्थापित हुआ है। यह वार रूम अभी से लेकर पूरे विधानसभा चुनाव के दौरान कार्यरत रहेगा। कर्पूरी सभागार से बने निश्चय संवाद के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष के अलावा और कौन-कौन नेता रहेंगे, किन-किन का संबोधन होगा, यह अभी तय होना बाकी है।
15 साल का काम, आगे की योजना पहुंचायेंगे
पार्टी से मिली जानकारी के मुताबिक ‘निश्चय संवाद’ के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का संबोधन राज्य की जनता के समक्ष विधानसभा चुनाव को लेकर एक तरह से जदयू का उद्घोष होगा। उनके संबोधन से जदयू का चुनावी एजेंडा भी स्पष्ट होगा। 15 साल में हुए काम, उनके सत्ता में आने के पहले के 15 साल का शासन और अगली बार सरकार बनाने पर किये जाने वाले कार्यों की रूपरेखा भी नीतीश कुमार रखेंगे।







