भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को पार्टी के नवनियुक्त पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंप दी। उन्होंने महासचिव कैलाश विजयवर्गीय पर भरोसा जताते हुए उन्हें फिर से पश्चिम बंगाल का प्रभारी बनाया है, वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह को उत्तर प्रदेश का जिम्मा सौंपा है।
भाजपा की ओर जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक महासचिव भूपेंद्र यादव अब बिहार के साथ-साथ गुजरात के प्रभारी के रूप में भी नई भूमिका निभाएंगे। केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन को आंध्र प्रदेश का जिम्मा सौंपा गया है, वहीं बैजयंत पांडा को दिल्ली की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पांडा श्याम जाजू की जगह लेंगे।
Bharatiya Janata Party (BJP) releases list of its state in-charges; Sambit Patra has been appointed as in-charge of Manipur, Tarun Chugh appointed as in-charge of Jammu & Kashmir, Ladakh & Telangana. pic.twitter.com/SEhKunbDdI
— ANI (@ANI) November 13, 2020
पूर्व महासचिव वी मुरलीधर राव को जहां विनय सहस्रबुद्धे की जगह मध्य प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है, वहीं महासचिव सीटी रवि को महाराष्ट्र का जिम्मा सौंपा गया है। पार्टी महासचिव दुष्यंत गौतम को पंजाब के साथ-साथ उत्तराखंड का भी प्रभारी बनाया गया है। पार्टी की ओर से मिली जानकारी के अनुसार महासचिव अरुण सिंह कर्नाटक के साथ राजस्थान के भी प्रभारी होंगे। अब तक वह ओडिशा के प्रभारी थे।
बिहार विधानसभा चुनाव में जीत के बाद पार्टी ने पश्चिम बंगाल में अपना पूरा ध्यान केंद्रित कर दिया है। पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय पर भरोसा कायम रखते हुए उन्हें पश्चिम बंगाल का प्रभारी बनाए रखा है। अरविंद मेनन पूर्व की तरह सह प्रभारी की भूमिका में बने रहेंगे। पार्टी ने अपने सोशल मीडिया विभाग के प्रभारी अमित मालवीय को भी मेनन के साथ पश्चिम बंगाल के सह प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी है।
वहीं, राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा को पार्टी ने मणिपुर की जिम्मेदारी देते राज्य प्रभारी पद सौंपा है। वहीं, नलिन कोहली को नागालैंड की जिम्मेदारी दी है। महाराष्ट्र के बीजेपी नेता विनोद तावड़े को हरियाणा और असम से बीजेपी नेता दिलीप सैकिया को अरुणाचल प्रदेश और झारखंड का प्रभारी बनाया गया है।







