मार्च तिमाही में बैंक ऑफ  बड़ौदा को जहां 507 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है तो वहीं एक अन्य सरकारी बैंक यूनियन बैंक ऑफ इंडिया को इसी अवधि में  2,503 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ है। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ऑफ  बड़ौदा ने कहा है कि मार्च 2020 तिमाही के दौरान उसने 507 करोड़ रुपये का कर पश्चात मुनाफा हासिल किया।  उल्लेखनीय है कि एक अप्रैल 2019 से बैंक में देना बैंक और विजया बैंक का विलय प्रभावी हो गया है।

यह भी पढ़ें: रिलायंस इंडस्ट्रीज में मुकेश अंबानी की 12वें साल भी नहीं बढ़ी सैलरी, 15 करोड़ रुपये पर स्थिर

बैंक ऑफ बड़ौदा ने इससे पिछले साल की समान अवधि में 8,875 करोड़ रुपये की शुद्ध हानि दर्ज की थी। बैंक ने बताया कि पिछले साल के मुकाबले मार्च 2020 तिमाही में गैर-निष्पादित ऋणों के लिए प्रावधान 69.23 प्रतिशत घटकर 10,368 करोड़ रुपये से 3,190 करोड़ रुपये रह गया। बीते वित्त वर्ष की पूरी अवधि के दौरान बैंक ने 546 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हासिल किया, जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष के दौरान बैंक को 8,340 करोड़ रुपये का शुद्ध नुकसान हुआ था।

यूनियन बैंक को मार्च तिमाही में 2,503 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा

सार्वजनिक क्षेत्र के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया को मार्च 2020 को समाप्त चौथी तिमाही में एकल आधार पर 2,503.18 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ। बैंक ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि इससे पूर्व वित्त वर्ष 2018-19 की इसी तिमाही में उसे 3,369.23 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था। बता दें आंध्रा बैंक और कॉरपोरेशन बैंक का विलय यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में हुआ है। यह एक अप्रैल 2020 से प्रभाव में आ गया है।

यह भी पढ़ें: शेयर बाजार में तीसरे दिन भी रौनक, मजबूती के साथ खुले सेंसेक्स-निफ्टी

यूनियन बैंक को 2019-20 की तीसरी तिमाही में 574.58 करोड़ रुपये का लाभ हुआ था। बैंक की एकल आधार पर आय मार्च, 2020 को समाप्त तिमाही में 11,306.99 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 9,621.01 करोड़ रुपये थी। पूरे वित्त वर्ष में बैंक का एकल आधार पर 2,897.78 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ। इससे पूर्व वित्त वर्ष में यह 2,947.45 करोड़ रुपये था।

यह भी पढ़ें: 18वां दिन: दिल्ली में अब पेट्रोल-डीजल के दाम लगभग बराबर, ऐसे चेक करें आज का रेट

हालांकि यूनियन बैंक की आय आलोच्य वित्त वर्ष में बढ़कर 42,491.91 करोड़ रुपये रही जो इससे पूर्व वित्त वर्ष 2018-19 में 38,540.61 करोड़ रुपये थी। बैंक का सकल एनपीए (गैर-निष्पादित परिसंपत्ति)31 मार्च 2020 को समाप्त अवधि में घटकर कुल कर्ज का 14.15 प्रतिशत रहा जो एक साल पहले 14.98 प्रतिशत था। यूनियन बैंक का शुद्ध एनपीए इसी अवधि में घटकर 5.49 प्रतिशत पर आ गया जो एक साल पहले 31 मार्च 2019 को 6.85 प्रतिशत था।





Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here