इंडो-नेपाल सीमा पर नेपाल नई पुलिस चौकियां बना रहा है। खीरी जिले से सटी करीब 100 किलोमीटर लम्बी सीमा पर सात चौकियां बनाई जा रही हैं। सीमा पर अवैध घुसपैठ, तस्करी व अपराध रोकने को नेपाल यह चौकियां बना रहा है। खीरी जिले के अफसर और नेपाल के अफसरों की चंदनचौकी में हुई संयुक्त बैठकों में सीमा सुरक्षा पर वार्ता हुई थी। इसी को लेकर नेपाल अपनी सीमा पर चौकसी बढ़ा रहा है। इसमें सात नई चौकियां लखीमपुर जिले से लगी लगभग 100 किलोमीटर लंबी सीमा पर खोली जा रही हैं। 

नेपाल के अधिकारियों के मुताबिक जिला कैलाली की लखीमपुर खीरी से लगती सीमा पर खुटाघाट, लट्ठे घाट, काला कुंडा, काला पताल, ललितपुर, बगिया प्रसाद आदि स्थानों पर बॉर्डर आउटपोस्ट (बीओपी) खोली जा रही हैं। इससे दो चौकियों के बीच की दूरी कम होगी और अवैध घुसपैठ, चोरी, तस्करी व अन्य अपराधों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। बताया जा रहा है कि नेपाल सशस्त्र पुलिस बल की चौकियों का निर्माण शुरू कर दिया है। इस बारे में नेपाल के समाचार पत्रों में खबरें भी प्रकाशित हो रही हैं। यह जानकारी मिलने के बाद एसएसबी भी चौकन्नी है।

यह भी पढ़ें: LAC पर कब बहाल होगी शांति? भारत-चीन के बीच जल्द एक और दौर की होगी बैठक 

अगस्त में हुई थी संयुक्त बैठक

खीरी जिले के डीएम शैलेन्द्र सिंह और नेपाल के कैलाली जिले के अधिकारियों के बीच अगस्त महीने में संयुक्त बैठक हुई थी। इस बैठक में सीमा की सुरक्षा को लेकर आपसी सहमति बनी थी। इसमें सीमा पर बने पिलरों की देखरेख, सीमा पर अतिक्रमण हटाने आदि पर सहमति बनी थी। इसके अलावा सीमा पर तस्करी, अवैध घुसपैठ रोकने पर भी निर्णय लिया गया था। बताया जाता है कि दोनों देशों में बनी सहमति के आधार अब नेपाल अपनी ओर से सीमा पर सुरक्षा बढ़ा रहा है।

नेपाल और भारत सीमा क्षेत्र में जो भी निर्माण करते हैं वह दोनों देशों की आपसी सहमति के बाद ही होता है। दोनों देशों को अपनी सीमा की सुरक्षा का अधिकार है। 
मुन्ना सिंह, कमांडेंट एसएसबी

अगस्त महीने में नेपाल के कैलाली के अधिकारियों के साथ खजुरिया में संयुक्त बैठक हुई थी। इसमें सीमा सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर बात हुई थी। संयुक्त रूप से पेट्रोलिंग आदि पर चर्चा हुई थी।
शैलेन्द्र सिंह, डीएम



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here