Edited By Aditya Pujan | नवभारतटाइम्स.कॉम | Updated:

भोपाल।

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में राजभवन परिसर में 6 लोगों के कोराना पॉजिटिव पाए जाने के बाद इसे कंटेनमेंट एरिया घोषित कर दिया गया है। इससे प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान कैबिनेट के संभावित विस्तार को लेकर भी संदेह पैदा हो गया है। नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण राजभवन में होना है, लेकिन कंटेनमेंट एरिया घोषित होने के बाद इस इलाके में किसी भी बाहरी व्यक्ति के आने-जाने पर रोक लग जाएगी। ऐसे में संभावना है कि कैबिनेट विस्तार कम से कम 14 दिनों के लिए टल सकता है।

जिला प्रशासन ने जारी किया आदेश

इससे पहले 6 पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद भोपाल जिला प्रशासन ने राजभवन को कंटेनमेंट एरिया में शामिल कर लिया। जिला कलेक्टर तरुण पिथोड़ो ने बुधवार को इस संबंध में आदेश जारी किया है। आदेश में कहा गया है कि कंटेनमेंट एरिया में रहने वाले सभी लोगों को अपने घरों में रहना होगा तथा यहां आवाजाही बंद रहेगी। राजभवन के सूत्रों के अनुसार परिसर में कोविड-19 का पहला मरीज मिलने के बाद राज्यपाल लालजी टंडन का नमूना भी जांच के लिये लिया गया है। हालांकि संक्रमित व्यक्ति कभी राज्यपाल के संपर्क में नहीं थे।

पहले मरीज के माता-पिता भी पॉजिटिव

तीन दिन पहले राजभवन में पहला संक्रमित मरीज मिला था। पहले मरीज के माता-पिता की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। राजभवन परिसर में रहने वाले तीन अन्य लोग भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इन सभी को गांधी मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया है। इनके संपर्क में आए लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

परिसर में सभी गतिविधियों पर रोक

राजभवन परिसर में कर्मचारियों के क्वार्टर वाले हिस्से में सभी गतिविधियां रोक दी गई हैं। कोरोना पॉजिटिव सभी मरीजों को राजभवन से अलग कर दिया गया है। राज्यपाल के घर पर काम करने वाले कर्मचारियों को परिसर में ही गेस्ट हाउस में शिफ्ट कर दिया गया है। हालांकि, जांच में इन कर्मचारियों में कोरोना संक्रमण नहीं पाया गया है। ये वो कर्मचारी हैं जो राज्यपाल के संपर्क में थे। राजभवन में जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार सभी दिशा निर्देशों और प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है।

कैबिनेट विस्तार पर संशय

पिछले 3-4 दिनों से शिवराज सिंह चौहान कैबिनेट के विस्तार को लेकर प्रदेश में राजनीतिक सरगर्मियां तेज थीं। बीते शुक्रवार से ही बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में मंत्री पद के दावेदारों को लेकर विचार-विमर्श चल रहा था। मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष वी डी शर्मा और सुहास भगत के साथ मुख्यमंत्री चौहान की मीटिंग हुई थी। बुधवार को चौहान लगातार दूसरे दिन अचानक प्रदेश कार्यालय पहुंचे तो कैबिनेट विस्तार की संभावना तय लग रही थी, लेकिन राजभवन को कंटेनमेंट एरिया घोषित करने के बाद सारी तैयारियों पर फिलहाल रोक लग सकती है।



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here