कई दिनों तक चले गतिरोध के बाद दिल्ली पुलिस ने किसानों को गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर मार्च के लिए औपचारिक इजाजत दे दी। दिल्ली पुलिस के स्पेशल कमिश्नर दीपेंद्र पाठक ने कहा, “कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों को तीन जगहों से परेड की अनुमति दी गई है।”
मिलकर गड़बड़ी रोकेंगे: पाठक ने कहा, गणतंत्र दिवस के राष्ट्रीय समारोह के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए संयुक्त किसान मोर्चा और दूसरे समूहों से बात हुई है। सुरक्षा-व्यवस्था पर हमारा फोकस है। दिल्ली में आने के बाद किसानों के काफिले को गणतंत्र दिवस समारोह वाले दायरे से पहले दाएं-बाएं टर्न कराया जाएगा।
केवल ट्रैक्टर लाएं: किसान आंदोलन से जुड़े स्वराज इंडिया के नेता योगेंद्र यादव ने कहा, “हमारे रूट मैप को पुलिस की लिखित अनुमति मिल गई है। हम दिल्ली नहीं दिल जीतने आ रहे हैं। किसानों से अपील की है कि 26 जनवरी की रैली के लिए वे दिल्ली के अंदर सिर्फ ट्रैक्टर ही लाएं। अपनी ट्रॉलियां लेकर न लेकर आएं।”
सिंघु, टीकरी और गाजीपुर सीमा से कूच की अनुमति
किसान सिंघु, टीकरी और गाजीपुर बॉर्डर से दिल्ली कूच करेंगे। टीकरी से 63, सिंघु से 62 और गाजियाबाद बॉर्डर से 46 किलोमीटर तक रैली निकाल सकेंगे। उन्हें शांति बनाए रखनी होगी। सहयोग करना होगा।
सीमा पार से हिंसा की साजिश का खुलासा
दिल्ली पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा, सीमा पार से आंदोलन में हिंसा की साजिश रची जा रही है। 13 से 18 जनवरी के बीच समीक्षा में पता चला कि रैली में गड़बड़ी के लिए 308 ट्विटर हैंडल पाक से बने।







