मध्य प्रदेश में शुक्रवार (21 अगस्त) को कोरोना वायरस संक्रमण के एक दिन में सर्वाधिक 1147 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही प्रदेश में इस वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या 50,640 हो गई है। राज्य में पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से 14 और व्यक्तियों कीमौत की पुष्टि हुई है जिससे मरने वालों की संख्या 1,185 हो गई है।
मध्य प्रदेश के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा, ”पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण से इंदौर में चार और भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, बड़वानी, नीमच, सागर, शिवपुरी, झाबुआ, सतना एवं छिंदवाड़ा में एक- एक मरीज की मौत की पुष्टि हुई है।” उन्होंने कहा, ”राज्य में अब तक कोरोना वायरस से सबसे अधिक 353 मौत इंदौर में हुई हैं। भोपाल में 255, उज्जैन में 76, सागर में 44, जबलपुर में 59, ग्वालियर में 28, बुरहानपुर में 25, खंडवा में 21 और खरगोन में 24 लोगों की मौत हुई है। बाकी मौत अन्य जिलों में हुई हैं।”
1,147 new #COVID19 cases, 987 recovered cases and 14 deaths reported in Madhya Pradesh today. The total number of cases now at 50,640 including 10,928 active cases, 38,527 recoveries and 1,185 deaths: State Health Department, Govt. of Madhya Pradesh pic.twitter.com/jPUUBllxWF
— ANI (@ANI) August 21, 2020
अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में शुक्रवार को कोविड-19 के सबसे अधिक 227 नए मामले इंदौर जिले में आए हैं, जबकि भोपाल में 140, ग्वालियर में 121 एवं जबलपुर में 117 नए मामले आए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कुल 50,640 संक्रमित लोगों में से अब तक 38,527 मरीज स्वस्थ होकर घर चले गए हैं और 10,928 मरीजों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। अधिकारी ने कहा कि शुक्रवार को 987 रोगियों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उन्होंने बताया कि वर्तमान में राज्य में कुल 3,992 निषिद्ध क्षेत्र हैं।
शिवराज सिंह चौहान सहित उनकी कैबिनेट के 7 सदस्य कोरोना संक्रमित
मध्य प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। मंत्री ने शुक्रवार को इसकी जानकारी खुद ट्वीट के जरिए दी है। भार्गव ने ट्वीट किया, ”मैंने अपना तथा अपने परिवार और नजदीकी स्टाफ की कोविड-19 जांच एंटीजन टेस्ट किट के माध्यम से कराई है, जिसमें मेरी शुरुआती रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डॉक्टरों की सलाह पर अस्पताल में भर्ती हो रहा हूँ।” उन्होंने कहा, ”आप सभी से विनम्र निवेदन है कि विगत एक सप्ताह में मेरे संपर्क में आए सभी साथी गृह-पृथक-वास रहें और अपनी जाँच कराएँ। जल्द ही स्वस्थ होकर आप सभी की सेवा में आपके बीच पुन: उपस्थित हो जाऊंगा।”
इससे पहले, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अलावा उनके मंत्रिपरिषद के पांच अन्य मंत्री-सहकारिता मंत्री अरविंद सिंह भदौरिया, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक, कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रामखेलावन पटेल, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव और चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जा चुके हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री चौहान सहित उनके मंत्रिपरिषद के सात सदस्य अब तक कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं।







