पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राज्यपाल जगदीप धनखड़ के बीच तकरार काफी बढ़ गया है। सोमवार को ममता बनर्जी ने राज्यपाल को सोशल मीडिया साइट ट्विटर पर ब्लॉक कर दिया। ममता बनर्जी की ओर से ब्लॉक किए जाने के बाद राज्यपाल धनखड़ का एक ट्वीट सामने आया है। इस ट्वीट में उन्होंने उस मैसेज को शेयर किया है जिसकों उन्होंने आज सुबह 10.25 बजे ममता बनर्जी को व्हाट्सऐप के जरिए भेजा था।

राज्यपाल की ओर से शेयर किए गए मैसेज में लिखा था ‘संवैधानिक पदाधिकारियों के बीच संवाद और सद्भाव लोकतंत्र का सार और भावना है और यह संविधान का जनादेश है। यह आपसी सम्मान और संबंध के जरिए और बेहतर हो सकता है। मेरी तरफ से आपके लिए हमेशा सर्वोच्च व्यक्तिगत सम्मान रहा है। मुझे यकीन है कि आप इस पर गंभीरता से विचार करेंगी।’

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि उन्होंने माइक्रोब्लॉगिंग मंच पर उनकी सरकार के खिलाफ राज्यपाल जगदीप धनखड़ के नियमित पोस्ट से ‘परेशान’ होकर उन्हें ट्विटर पर ‘ब्लॉक’ कर दिया है। बनर्जी ने कहा कि धनखड़ ने कई बार मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को धमकाया है। बनर्जी ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कई बार पत्र लिखकर धनखड़ को हटाने का अनुरोध किया है। हालांकि, अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। 

ममता बनर्जी आरोप लगाते हुए कहा कि राजभवन से पेगासस का प्रयोग किया जा रहा है। बेतरतीब ढंग से फोन टैप किए जा रहे हैं। राज्यपाल धनखड़ एक राजनीतिज्ञ और भारतीय जनता पार्टी के पूर्व नेता हैं। जुलाई 2019 में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उन्हें बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किया था।





Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here