अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि की मौत का रहस्य अभी सुलझा नहीं है। इस बीच शिवसेना के नेता संजय राउत ने कहा है कि महंत की मौत के मामले में उत्तर प्रदेश सरकार को जवाब देना होगा। संजय राउत ने कहा कि जो इंसान सबको गाइड किया करता था वो ऐसा नहीं कर सकते हैं।  न्यूज एजेंसी ‘ANI’ से बातचीत के दौरान संजय राउत ने कहा कि ऐसा लगता है कि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष कुछ राज़ जानते थे। उनका आत्महत्या करना संदिग्ध दिखता है। एक इंसान के तौर पर जो दूसरों को गाइड करता हो वो ऐसी चीजें नहीं कर सकता है। 

संजय राउत ने कहा, ‘हिंदू समाज के लिए यह घटना बेहद दुखद है। महंत नरेंद्र गिरि का शिवसेना से रिश्ता अच्छा था। उन्होंने कई बार हिंदुओं के आंदोलन के समय नेतृत्व किया। इस मामले में अगर कोई भी चीज छिपाने की कोशिश की जा रही है तो उसकी गहरी छानबीन होनी चाहिए।’ पालघर में दो साधुओं की मौत की घटना के बारे में जिक्र करते हुए शिवसेना नेता ने कहा कि यह काफी दुखद घटना थी और उस वक्त दिल्ली तथा उत्तर प्रदेश की तरफ से कई सवाल उठाए गए थे। आज उत्तर प्रदेश सरकार को सवालों का जवाब देना होगा। महंत की मौत के बाद अब दिल्ली और महाराष्ट्र की तरफ से उठ रहे सवालों का जवाब यूपी सरकार को देना होगा। 

उन्होंने कहा कि सोमवार शाम बाघंबरी मठ में अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि की मौत रहस्यमय परिस्थितियों में हुई थी। उनकी मौत के बाद एक सुसाइड नोट भी बरामद किया गया था। इस सुसाइड नोट में उनके शिष्य आनंद गिरी और दो अन्य लोगों के नाम थे। जिसके बाद आनंद गिरी पर भारतीय दंड संहिता की धारा 306 के तहत केस दर्ज किया गया है। आनंद गिरी के खिलाफ अमर गिरी पवन महाराज ने शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि, आनंद गिरी ने इसे साजिश बताया है। 

आनंद गिरी ने कहा, ‘यह उनलोगों की एक बड़ी साजिश है जो गुरुजी से पैसे लिया करते थे और उन्होंने इस खत में मेरा नाम लिख दिया। इसकी जांच होनी चाहिए क्योंकि गुरुजी ने अपनी जिंदगी में कोई पत्र नहीं लिखा और वो सुसाइड नहीं कर सकते हैं। उनके हैंड राइटिंग की जांच होनी चाहिए।’ बता दें कि महंत के निधन के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि इस मामले में निष्पक्ष जांच होगी और आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। 
 



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here