महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 15169 नए केस सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस की वजह से 285 लोगों की मौत हुई है। राहत की बात रही कि नए केस की तुलना में लगभग दोगुना लोग ठीक भी हुए हैं। मंगलवार की तुलना में राज्य में कोरोना वायरस के नए मामलों में मामूली बढ़ोतरी देखने को मिली है।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक राज्य में बुधवार को कोरोना से 29,270 लोग ठीक भी हुए हैं। इसी के साथ राज्य में कोरोना वायरस रिकवरी दर 94.54 फीसदी पर पहुंच गया है। राज्य में फिलहाल 1687643 लोग फिलहाल होम क्वारंटाइन में हैं जबकि 7418 लोग संस्थागत क्वारंटाइन में हैं। राज्य में मंगलवार को कोरोना वायरस के 14,123 नए मामले सामने आए थे जबकि 477 लोगों की जान गई थी।

वहीं, बॉम्बे हाई कोर्ट ने बुधवार को कहा कि अगर केंद्र द्वारा महाराष्ट्र को भेजे गए वेंटिलेटर में से कोई भी खराब हैं तो उसे बदला जाना चाहिए। अदालत ने जोर देकर कहा कि वह कोविड-19 मरीजों पर ऐसे वेंटीलेटर के प्रयोग की अनुमति नहीं दे सकती क्योंकि बड़े पैमाने पर मरम्मत किए गए वेंटिलेटर से मरीज की जान जा सकती है। 

हाई कोर्ट की औरंगाबाद खंडपीठ के जस्टिस आरवी गुगे और न्यायमूर्ति बीयू देबद्वार ने यह टिप्पणी कोविड-19 महामारी से जुड़े विभिन्न मामलों को लेकर दायर याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए की। अदालत को पिछले हफ्ते राज्य सरकार की ओर से पेश अभियोजक डीआर काले ने बताया था कि मराठवाड़ा के अस्पतालों को केंद्र की ओर से आपूर्ति किए गए 100 से अधिक वेंटिलेटरों में खराबी है और इसलिए उनका इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। 

संबंधित खबरें





Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here