महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के नए मामलों में मामूली गिरावट देखने को मिली है। राज्य में मंगलवार को पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 14123 नए मामले सामने आए हैं। राज्य सरकार की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक राज्य में 14 हजार से अधिक नए मामलों के साथ कुल संक्रमितों का आंकड़ा 57,61,015 पहुंच गया है।
वहीं, राज्य में कोरोना वायरस की वजह से 477 लोगों की मौत हुई है। यह लगातार तीसरा दिन है जब महाराष्ट्र में दैनिक मामलों की संख्या 20000 से नीचे रही है। राज्य में मरने वालों की संख्या 96198 हो गई है। कोविड-19 के महाराष्ट्र में सोमवार को 15,077 और गुजरात में 1,681 नए मामले सामने आए थे।
महाराष्ट्र सरकार ने रविवार को राज्य में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां रविवार को 15 जून तक बढ़ा दीं और यह घोषणा भी की थी कि कोविड-19 की संक्रमण दर और ऑक्सीजन बिस्तरों की उपलब्धता के आधार पर पाबंदियों में ढील दी जाएगी।
सरकार ने एक आदेश में कहा कि जिन नगर निगमों एवं जिले में संक्रमण की दर 10 फीसदी से नीचे है और ऑक्सीजन वाले बिस्तर 40 फीसदी से कम भरे हैं, उन जगहों पर प्रतिष्ठानों, दुकानों एवं अन्य सेवाओं का समय सुबह सात बजे से दोपहर दो बजे तक किया जा सकता है जो फिलहाल सुबह सात बजे से दोपहर 11 बजे तक ही है।







