महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 3303 नए मामले सामने आए हैं। साथ में राज्य में 114 लोगों की संक्रमण से मौत भी हुई है। इसी के साथ राज्य में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या 116752 हो गई है। वहीं, राज्य में कोरोना वायरस से अभी तक 5651 लोगों की जान गई है।

वहीं, मुंबई के धारावी में बुधवार को 17 और लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया, जिससे इस झुग्गी इलाके में संक्रमितों की संख्या 2,106 तक पहुंच गई। नगर निकाय ने यह जानकारी दी। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि धारावी में पिछले 24 घंटों में संक्रमण के कारण कोई भी ताजा मौत नहीं हुई है, जहां मृतकों की संख्या 77 है।

उन्होंने बताया कि 2106 पुष्ट मामलों में से 1053 रोगियों को संक्रमण से उबरने के बाद विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है। एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती धारावी 2.5 वर्ग किलोमीटर में फैली हुई है और इसकी आबादी 6.5 लाख से अधिक है।

औरंगाबाद के सरकारी अस्पतालों में ऑक्सीजन की खपत बढ़ी
कोरोना वायरस संक्रमण फैलने के बाद से यहां स्थित सरकारी चिकित्सकीय कालेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) में ऑक्सीजन की खपत चार गुना बढ़ गई है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि जिन अस्पतालों में कोविड-19 के अधिक गंभीर रोगियों का इलाज किया जा रहा है वहां ऑक्सीजन टैंक में पहले चार दिन में एक बार ऑक्सीजन भरी जाती थी लेकिन अब एक ही दिन में दो बार ऑक्सीजन भरी जा रही है। 





Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here