ब्रिटेन के राजकुमार ‘ड्यूक ऑफ ससेक्स’ हैरी और उनकी पत्नी ‘डचेस ऑफ ससेक्स’ मेगन मर्केल ने मशहूर टेलीविजन होस्ट ओपराह विन्फ्रे को दिए इंटरव्यू में कई खुलासे किए हैं। रविवार को प्रसारित हुए इस इंटरव्यू में मेगन ने कुछ ऐसी बातें बताई जिसके बाद से ब्रिटेन में हंगामा मचा हुआ है। दरअसल, इंटरव्यू के दौरान मेगन मर्केल ने राजमहल पर रंगभेद का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि कैसे जब वह अपनी पहली संतान यानी अपने बेटे आर्ची को जन्म देने वाली थीं तो पहले से ही इस बात कर चर्चा होती थी कि जब वह पैदा होगा तो उसकी त्वचा का रंग कितना काला होगा। 

मेगन ने बताया कि जब वह पहली बार गर्भवती हुई, तो उनके होने वाले बच्चे के रंग को लेकर भी कई सवाल हुए। हालांकि, उन्होंने उस शख्स का नाम बताने से इनकार कर दिया, जिसने हैरी से यह बात की। मेगन ने कहा कि नाम का खुलासा करना ‘काफी नुकसानदेह’ हो सकता है। उन्होंने कहा कि उन्हें यह बात प्रिंस हैरी ने बताई थी क्योंकि उनसे ऐसी बातें की जाती थीं। मेगन ने बताया कि उनके बेटे आर्ची को वह जगह नहीं दी गई, जो उस परिवार के बाकी नाती-पोतों को दी जाती है। 

मर्केल ने यह भी बताया कि हैरी से शादी करने के बाद उन्हें आत्महत्या करने जैसे ख्याल आने लगे थे और पैलेस ने उन्हें इस संबंध में डॉक्टर की मदद लेने से रोका। उन्होंने बताया कि शाही परिवार के एक वरिष्ठ अधिकारी से जब उन्होंने कहा कि उन्हें मानसिक स्वास्थ्य के लिए मदद की जरूरत है तो उसने उन्हें कहा कि यह परिवार के लिए अच्छा नहीं है।

इसी इंटरव्यू के दौरान प्रिंस हैरी ने भी यह कहा कि उनके पिता प्रिंस चार्ल्स ने अब उनका फोन उठाना बंद कर दिया है। हैरी ने उनके और मेगन के शाही कर्तव्य छोड़ने के फैसले से महारानी को धक्का पहुंचाने की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि कई बार बातचीत करने के बाद यह कदम उठाया गया।
उन्होंने कहा, ‘मैंने अपनी दादी को कोई झटका नहीं दिया। मैं उनकी बहुत इज्जत करता हूं।’

दोनों ने इंटरव्यू के दौरान ऐलान किया कि वह दूसरी संतान के तौर पर बेटी को जन्म देने वाले हैं। बता दें कि हैरी और मेगन ने मई 2018 में विंडसर कैसल में शादी की थी। उनके बेटे आर्ची का जन्म 2019 में हुआ था। मेगन ने जुलाई 2020 में गर्भपात होने की जानकारी भी दी थी। हैरी और मेगन शाही परिवार छोड़ उत्तरी अमेरिका में रह रहे हैं।



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here