मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स का शेयर सोमवार को स्टॉक एक्सचेंज में अपने निर्गम मूल्य 145 रुपये पर 49 प्रतिशत की बढ़त के साथ सूचीबद्ध हुआ।आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 135 से 145 रुपये प्रति शेयर था। वहीं यूटीआई एएमएसी के शेयर निर्गम मूल्य पर 11 प्रतिशत से अधिक के नुकसान के साथ सूचीबद्ध हुए।
बीएसई में मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स का शेयर निर्गम मूल्य पर 49.13 प्रतिशत की बढ़त के साथ 216.25 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में शुरुआती कारोबार में कंपनी का शेयर निर्गम मूल्य पर 48.20 प्रतिशत की बढ़त के साथ 214.90 रुपये पर कारोबार कर रहा था। कंपनी के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को 157.41 गुना अभिदान मिला था। यस सिक्योरिटीज, एक्सिस कैपिटल, एडलवाइस फाइनेंशियल सर्विसेज, डीएएम कैपिटल एडवाइजर्स तथा जेएम फाइनेशियल ने कंपनी के आईपीओ का प्रबंधन किया था।
यूटीआई एएमएसी के शेयर 11 प्रतिशत से अधिक के नुकसान के साथ सूचीबद्ध
यूटीआई एसेट मैनेजमेंट कंपनी के शेयर सोमवार को शेयर बाजारों में अपने निर्गम मूल्य 554 रुपये पर करीब 11 प्रतिशत की गिरावट के साथ सूचीबद्ध हुए। बीएसई में कंपनी का शेयर अपने निर्गम मूल्य पर करीब 11.50 प्रतिशत के नुकसान से 490.25 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में कंपनी का शेयर 9.74 प्रतिशत के नुकसान से 500 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ।
यह भी पढ़ें: शेयर बाजार में बहार, निफ्टी 12000 के पार, सेंसेक्स 41000 के करीब
बीएसई में कंपनी का बाजार पूंजीकरण 6,605.62 करोड़ रुपये था। कंपनी के 2,160 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को 2.31 गुना अभिदान मिला था। आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 552 से 554 रुपये प्रति शेयर था। निप्पन लाइफ इंडिया एसेट मैनेजमेंट और एचडीएफसी एएमएसी के बाद यह शेयर बाजारों में सूचीबद्ध होने वाली तीसरी संपत्ति प्रबंधन कंपनी है।







