Lakhimpur Kheri News: यूपी के लखीमपुर खीरी में हादसे के बाद किसान गुस्से में हैं. लखीमपुर खीरी के डीएम की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक, पांच किसानों की मौत हो गई है. हालात बहुत तनावपूर्ण हैं. संयुक्त किसान मोर्चा और भारतीय किसान यूनियन ने लखीमपुर पहुंचने का आह्वान किया है. यहां पहले से ही हजारों की संख्या में किसान पहुंचे हुए हैं. केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे अभय मिश्र मोनू पर किसानों को गाड़ी से कुचलने की कोशिश करने के आरोप लग रहे हैं. कुछ किसान संगठनों ने फायरिंग करने का आरोप भी लगाया है.

इससे पहले जानकारी आई थी कि केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा के समर्थकों की गाड़ी से टकराने के बाद दो किसान घायल हो गए. गुस्साए किसानों ने दो गाड़ियों में आग लगा दी. बताया जा रहा है कि जिन दो गाड़ियों को जलाया गया है उसमें से एक गाड़ी केंद्रीय मंत्री के बेटे की थी. खबर ये भी है कि कल कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी लखीमपुर खीरी जा सकती हैं.

राहुल गांधी ने क्या कहा?

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा, “जो इस अमानवीय नरसंहार को देखकर भी चुप है, वो पहले ही मर चुका है. लेकिन हम इस बलिदान को बेकार नहीं होने देंगे- किसान सत्याग्रह ज़िंदाबाद!”

प्रियंका गांधी का बीजेपी पर निशाना 

प्रियंका गांधी ने ट्वीट करते हुए कहा, “भाजपा देश के किसानों से कितनी नफ़रत करती है? उन्हें जीने का हक नहीं है? यदि वे आवाज उठाएँगे तो उन्हें गोली मार दोगे, गाड़ी चढ़ाकर रौंद दोगे? बहुत हो चुका. ये किसानों का देश है, भाजपा की क्रूर विचारधारा की जागीर नहीं है. किसान सत्याग्रह मजबूत होगा और किसान की आवाज और बुलंद होगी.”

कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने भी सरकार को घेरा

कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, “मोदी सरकार इस कदर किसानों के खून की प्यासी हो गई है कि लखीमपुर खीरी में देश के गृह राज्य मंत्री के पुत्र ने निर्ममता पूर्वक कई किसानों को अपनी गाड़ी चढ़ाकर रौंद दिया. करनाल से लेकर लखीमपुर खीरी तक आपकी सत्ता ने “खूनी तांडव” मचा रखा है. फ़ोटो विभत्स हैं पर BJP का सच दिखाती हैं.”



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here