आप चाय तो रोज ही पीते होंगे। कई बार ऐसा भी होता होगा कि आप अपने घर पर चाय न पीकर घर के आस-पास मौजूद किसी टपरी या दुकान पर जाना ज्यादा पसंद करते होंगे। हालांकि कोरोना के इस दौर में एक वक्त के लिए तो सब कुछ घर में करना होता था, लेकिन हाल के दिनों में थोड़ी बहुत चीजें खुलनी शुरु हुई हैं। इनमें चाय की दुकानें भी हैं, जहां अक्सर हमारा काफी समय कटता है।
खैर, अब आते हैं चाय की कहानी पर, क्या कभी ऐसा हुआ है कि आप चाय पीने गए हो और चाय बनाने वाला ही इतना स्टाइलिश हो कि उसके चाय बनाने का तरीका आपका मन मोह ले। एक ऐसी ही वीडियो सोशल मीडिया पर पिछले कई दिनों से खूब वायरल हो रही है, जिसमें एक चाय वाला बड़े ही स्टाइलिश ढंग से चाय बनाकर उसे परोस रहा है।
इसके साथ ही वह चाय बनाते वक्त लोगों को ललचाता भी है। चाय के पैसे लेने के बाद बचे पैसों को वापस लौटाने का भी उसका अपना नायाब तरीका है। वह पैसे के साथ-साथ लोगों की हथेली पर कुछ खाने की चीज भी दे रहा है।
अब सोशल मीडिया पर चर्चा हो रही है कि यह चाय वाला सुपरस्टार रजनीकांत के स्टाइल को कॉपी करते हुए उसी अंदाज में लोगों को चाय दे रहा है। बताया जा रहा है कि चाय की यह स्पेशल दुकान नागपुर में है और दुकान का नाम ‘डॉली चायवाले’ है।
वायरल हो रहे इस वीडियो को फेसबुक पर अबतक 1 लाख से भी ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं और 46 हजार से भी ज्यादा कमेंट्स आ चुके हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि चायवाला अपने ग्राहकों को बड़े स्वैग से बुलाता है और उन्हें रजनीकांत स्टाइल में चाय देता है। सोशल मीडिया से लेकर आस-पास के लोग इस चाय वाले के मुरीद हो चुके हैं और जमकर इस वीडियो को शेयर कर रहे हैं।







