हाइलाइट्स:

  • खनन घोटाले के आरोपी और पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति की मुश्किलें बढ़ना तय
  • गायत्री की कंपनियों का मैनेजर सरकारी गवाह बनने को तैयार, ED को लिखी चिट्ठी
  • मैनेजर ब्रज भवन चौबे ने कहा कि उनके पास गायत्री की हर बेनामी संपत्ति का ब्यौरा है
  • चौबे ने ही हाल में गायत्री प्रजापति और उनके बेटे के खिलाफ लखनऊ में दर्ज कराई है FIR

लखनऊ
अखिलेश सरकार में मंत्री रहे गायत्री प्रसाद प्रजापति की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। गायत्री की कंपनियों के डायरेक्टर ने सरकारी गवाह बनने के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को चिट्ठी लिखी है। खनन घोटाले में जांच कर रही ईडी को गायत्री के मैनेजर ब्रज भवन चौबे ने चिट्ठी लिखकर सरकारी गवाह बनने की पेशकश की है।

ईडी के डायरेक्टर और जॉइंट डायरेक्टर लखनऊ को भेजे गए पत्र में ब्रज भवन चौबे ने कहा कि उनके पास गायत्री की हर बेनामी संपत्ति का ब्यौरा है और वह सरकारी गवाह बनने को तैयार हैं। ईडी खनन घोटाले में गायत्री की भूमिका की जांच कर रही है। गायत्री के बेटे अनिल प्रजापति से ईडी दो बार पूछताछ कर चुकी है।

सरकारी गवाह बनने की पेशकश करने वाले ब्रज भवन चौबे ने ही गायत्री और अनिल प्रजापति पर गोमती नगर विस्तार में एफआईआर दर्ज कराई है। एफआईआर में चौबे ने आरोप लगाया कि गायत्री ने उनके बेटे के अपहरण की धमकी देने के साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी है।

मैनेजर ने गायत्री प्रजापति पर लगाए ये आरोप

आरोप है कि चित्रकूट की रेप पीड़िता के नाम दर्ज हुई बेनामी संपत्ति की रजिस्ट्री गायत्री प्रजापति ने अपने मैनेजर बीबी चौबे के जरिए ही करवाई थी। गायत्री ने अपने मैनेजर की संपत्ति भी उसी में लिखा दी थी। मैनेजर बृज भवन चौबे का आरोप है कि उससे गायत्री प्रजापति ने कई कागजातों पर जबरदस्ती हस्ताक्षर करा लिए थे। मैनेजर ने आरोप लगाया कि उसने जब संपत्ति की कीमत मांगी तो एसपी सरकार में खनन मंत्री रहे गायत्री प्रजापति ने उसे बेटे के अपहरण की धमकी दे डाली।

बेटे ने ईडी की पूछताछ में किए कई अहम खुलासे

दूसरी तरफ अवैध खनन, रेप और जालसाजी के मामलों में फंसे पूर्व खनन मंत्री गायत्री प्रजापति और उसके बेटों की कीमती संपत्तियों का खुलासा हुआ है। ईडी की गायत्री के बेटे अनिल प्रजापति से दो दिन की गई पूछताछ में ऐसी संपत्तियों का पता चला है, जिनकी किसी को जानकारी नहीं थी। ईडी के मुताबिक, ये संपत्तियां शेल कंपनियों के नाम पर यूपी से लेकर महाराष्ट्र तक में खरीदी गईं।



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here