पेट्रोल के बाद अब डीजल की कीमतें भी लगातार नई ऊंचाई हासिल कर रही हैं। राजस्थान के बाद अब ओडिशा में डीजल के दाम 100 रुपये के पार हो गए हैं। मंगलवार को एक बार फिर से कीमतों में इजाफे के चलते ओडिशा में डीजल 100 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गया। राज्य सरकार के फ्यूल रिटेलर्स की ओर से यह जानकारी दी गई  है। इससे पहले सोमवार को डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ था। फ्यूल रिटेलर्स के अनुसार मंगलवार को पेट्रोल की कीमत में 28 पैसे प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 26 पैसे प्रति लीटर का इजाफा हो गया। 

ओडिशा ही नहीं देश के अन्य राज्यों में भी पेट्रोल और डीजल की कीमतें उच्चतम स्तर पर हैं। दिल्ली में पेट्रोल अपने उच्चतम स्तर 97.50 रुपये लीटर पर है। इसके अलावा डीजल की कीमत 88.23 रुपये प्रति लीटर चल रही है। वहीं मुंबई की बात करें तो पेट्रोल 103 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है, जबकि डीजल के दाम 95.72 रुपये प्रति लीटर हैं। बता दें कि पेट्रोल और डीजल की कीमतें राज्यों के हिसाब से अलग-अलग हैं। इसकी वजह स्थानीय टैक्स, वैट और मालभाड़ा है। यही वजह है कि पहले कई राज्यों में पेट्रोल की कीमतें 100 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंची थीं और अब डीजल भी ऐसा ही रिकॉर्ड बना रहा है।

कुछ दिन पहले ही डीजल की कीमतों ने राजस्थान में 100 रुपये प्रति लीटर का लक्ष्य हासिल किया था और अब ओडिशा में महंगाई की मार पड़ी है। ओडिशा के मलकानगिरी जिले में मंगलवार को डीजल की कीमत 101.12 रुपये प्रति लीटर हो गई। इसके अलावा कोरापुट जिले में कीमत 100.46 रुपये लीटर है। बता दें कि पेट्रोल कीमतें पहले ही 9 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 100 रुपये के पार हैं। इन राज्यों में राजस्थान के अलावा मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा और लद्दाख भी शामिल हैं। मेट्रोल शहरों की बात करें तो मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरु में पेट्रोल की कीमत पहले ही 100 रुपये प्रति लीटर के पार है।



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here