कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के देखते हुए राजस्थान सरकार ने शुक्रवार से पूरे राज्य में कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट करते हुए इसकी जानकारी दी है। अशोक गहलोत ने ट्वीट करते हुए कहा है कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए कल शुक्रवार शाम 6 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक प्रदेश में कर्फ्यू रहेगा।
उन्होंने अपने ट्वीट में आगे कहा है कि आप सभी से अपील है कि कर्फ्यू के दौरान सरकार का सहयोग करें और कोविड एप्रोप्रिएट बिहेवियर का पालन करें। कर्फ्यू के दौरान पहले से चल रहे नाइट कर्फ्यू में छूट की श्रेणी वाली सेवाओं में फल-सब्जी, दूध, एलपीजी और बैंकिग सेवाओं को भी शामिल किया गया है।
6658 नए मामले सामने आए
बता दें कि राजस्थान में गुरुवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 6658 नए मामले सामने आए, जिससे राज्य में संक्रमितों की अब तक की कुल संख्या बढ़कर 3,87,950 हो गई। वहीं, राज्य में इस घातक संक्रमण से 33 और लोगों की मौत हो गई जिससे मरने वालों की संख्या 3041 तक पहुंच गई। राज्य में इस घातक वायरस संक्रमण से 24 घंटे में होने वाली मौतों व नये संक्रमितों का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है।
कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए कल शुक्रवार शाम 6 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक प्रदेश में कर्फ्यू रहेगा। आप सभी से अपील है कि कर्फ्यू के दौरान सरकार का सहयोग करें और कोविड एप्रोप्रिएट बिहेवियर का पालन करें। #Rajasthan
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) April 15, 2021
संक्रमितों का आंकड़ा 387950 पहुंचा
अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को 6658 नए मामले आने से राज्य में संक्रमितों की अब तक की कुल संख्या बढ़कर 3,87,950 हो गई है जिसमें 49,276 रोगी उपचाराधीन है। उन्होंने बताया कि बीते 24 घंटे में राज्य में सामने आए संक्रमितों में जयपुर में 848,, जोधपुर में 847, उदयपुर में 711, कोटा में 638, अलवर में 361, भीलवाडा में 332, अजमेर में 258, डूंगरपुर में 239, बीकानेर में 194 नये संक्रमित मिले हैं।
2254 मरीज हुए ठीक
उन्होंने बताया कि इस अवधि में 2254 मरीज ठीक हुए। राज्य में अब तक कुल 3,35,633 संक्रमित ठीक हो चुके हैं। राज्य में इस घातक संक्रमण से बीते 24 घंटे में हुई मौतों में बीकानेर, कोटा में चार-चार, अलवर, जयपुर, झालावाड़, जोधपुर, उदयपुर में तीन-तीन, नागौर, पाली में दो-दो, अजमेर, बांरा,चित्तौड़गढ़, चूरू,जालौर, सीकर में एक-एक मरीज की मौत शामिल है।







