रामविलास पासवान का पार्थिव शरीर शुक्रवार को दोपहर में पटना लाया जाएगा। पटना में ही शनिवार को दीघा घाट पर उनका दाह संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि स्वर्गीय पासवान का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। पार्थिव शरीर पार्टी प्रदेश कार्यालय में भी रखा जाएगा, जहां उनके समर्थक और उन्हें चाहने वाले उनका अंतिम दर्शन करेंगे। पार्टी नेता राजेंद्र विश्वकर्मा ने इसकी जानकारी दी।
लोजपा के संस्थापक और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का गुरुवार देर शाम दिल्ली के फोर्टिस एस्कॉर्ट अस्पताल में निधन हो गया। उनके पुत्र और लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। उन्होंने लिखा… पापा अब आप इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन मुझे पता है, आप जहां भी हैं, हमेशा मेरे साथ हैं। रामविलास पासवान लंबे समय से बीमार चल रहे थे। शनिवार को उनके हार्ट की सर्जरी हुई थी। वे बिहार की राजनीति में चार दशक से एक मजबूत स्तंभ बने रहे।
यह भी पढ़ें- रामविलास पासवान: जेल से छूटे और बना दिया चुनाव में जीत का विश्व रिकार्ड
45 वर्षों का साथ छोड़ गए : लालू
राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने ट्वीटर पर केंद्रीय मंत्री रामविलास के निधन पर शोक प्रकट किया। कहा कि रामविलास भाई के असामयिक निधन का दुःखद समाचार सुनकर अति मर्माहत हूं। विगत 45 वर्षों का अटूट रिश्ता और उनके संग लड़ी तमाम सामाजिक, राजनीतिक लड़ाइयां आँखों के सामने तैर रही है। याद करते हुए लालू ने कहा कि रामविलास भाई, आप जल्दी चले गए। इससे ज़्यादा कुछ कहने की स्थिति में नहीं हूं।
रामबिलास भाई के असामयिक निधन का दुःखद समाचार सुन अति मर्माहत हूँ। विगत 45 वर्षों का अटूट रिश्ता और उनके संग लड़ी तमाम सामाजिक, राजनीतिक लड़ाइयाँ आँखों में तैर रही है।
रामबिलास भाई, आप जल्दी चले गए। इससे ज़्यादा कुछ कहने की स्थिति में नहीं हूँ।
ॐ शांति ॐ
— Lalu Prasad Yadav (@laluprasadrjd) October 8, 2020
राबड़ी- तेजस्वी ने शोक प्रकट किया
पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन पर राजद नेताओं ने शोक प्रकट किया है। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने केन्द्रीय मंत्री के निधन पर शोक प्रकट किया। कहा कि वे देश के स्थापित राजनेता थे। उनके निधन के समाचार को जान कर हम सब अत्यंत दुखी एवं मर्माहत हैं। उनका संबंध हमारे परिवार से बहुत गहरा और निकट का था। वे हमसब के अभिभावक के समान थे। उनके निधन से सामाजिक एवं राजनीतिक जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। राजद नेता और रामविलास पासवान के दामाद अनिल कुमार साधु ने भी उनके निधन पर शोक प्रकट किया। कहा कि उनका जाना मेरे लिए सबसे गहरा आघात है। वे इस कदर इतनी जल्दी इस दुनिया से विदा लेंगे, इसका अंदेशा नहीं था।
आदरणीय रामविलास पासवान जी के निधन से बहुत दुःखी हूँ। दशकों से उनके साथ पारिवारिक सम्बंध रहा।
आज हमारे घर में चूल्हा नहीं जलेगा।
भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।
— Rabri Devi (@RabriDeviRJD) October 8, 2020
मैंने बड़ा भाई खो दिया : जीतन राम मांझी
पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि देश ने अपना नेता खो दिया है। मैंने अपना बड़ा भाई खो दिया।







