कोरोना के बढ़ते कहर के साथ ही अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। इस बीच हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने मंगलवार को उन पर तंज कसते हुए कहा कि अगर राहुल गांधी को दिल्ली में जगह न मिले तो मैं हरियाणा में इलाज कराने को तैयार हूं।
विज ने कहा कि राहुल गांधी शुरू से ही कोरोना को लेकर तरह-तरह के बयान देते रहे हैं। अब वे खुद कोरोना संक्रमित हो गए हैं। अगर उनको दिल्ली में जगह न मिले तो मुझे बता दें, मैं हरियाणा में उनका इलाज कराने को तैयार हूं। वे खुद ही प्रचारित करते रहे हैं कि दिल्ली में बेड की कमी है। हम उनका बेहतर इलाज कराएंगे।
बता दें कि, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी आज कोरोना संक्रमित पाए गए हैं और उन्होंने अपने संपर्क में आए सभी लोगों से कोरोना से बचाव के उपाय करने की सलाह दी है। कांग्रेस नेता ने खुद के संक्रमित होने के बारे में ट्वीट करके यह जानकारी दी और कहा कि कोरोना के शुरुआती लक्षण महसूस होने पर उन्होंने टेस्ट कराया और वह संक्रमित पाए गए।
The day COVID started, Rahul Gandhi has been passing various statements. Now he has tested positive for #COVID19 . If he finds difficulty in getting space in Delhi, he can come to Haryana. We will give him better treatment: State Health Minister Anil Vij pic.twitter.com/Pa5jTxYzlW
— ANI (@ANI) April 20, 2021
राहुल गांधी ने ट्वीट किया, “मैंने कोरोना संक्रमित होने के मामूली लक्षण महसूस किए थे और उसके बाद टेस्ट कराया तो कोविड-19 से पॉजिटिव होने की जानकारी मिली। पिछले कुछ दिनों में जो लोग मेरे संपर्क में आए हैं, उनसे मैं अपील करता हूं कि वे सभी कोरोना के लिए तय सुरक्षा उपायों का पालन करें और सुरक्षित रहें।”
प्रधानमंत्री ने राहुल गांधी के जल्द स्वस्थ होने की कामना की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कोविड-19 से संक्रमित पाए गए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा, ”मैं लोकसभा सांसद राहुल गांधी जी की अच्छी सेहत और जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”
हरियाणा में कोरोना के करीब 42 हजार एक्टिव केस
हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा है कि राज्य में इस समय कोरोना के करीब 42 हजार एक्टिव केस हैं जिनमें से करीब 30 हजार होम आइसोलेशन में है। विज ने मंगलवार को कहा कि स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों पूरी देखभाल कर रहा है। इनकी देखभाल के लिए किट तैयार की जा रही हैं जिसमें कोरोना के इलाज हेतु दवाइयां, पल्स ऑक्सीमीटर, कोरोना से बचाव संबंधी साहित्य और अन्य आवश्यक साम्रगी शामिल होगी। इन किट के साथ डॉक्टरों की टीमें दो दिन में एक बार घर-घर जाकर कोरोना मरीजों की जांच एवं इलाज करेंगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार कोरोना की रोकथाम और इलाज पर काम कर रही है। इन दोनों पर स्वास्थ्य विभाग को पूरा ध्यान केंद्रित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिन जिलों में कोरोना के ज्यादा मरीज हैं, वहां विशेष सावधानी बरती जा रही है। प्रदेश में कोरोना से प्रभावित कुल मरीजों में से 12 हजार मरीज अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। इन मरीजों का अस्पतालों में पूरी तरह से इलाज किया जा रहा है।







