देश के दूसरे सबसे अमीर अरबपति गौतम अडानी ने बताया है कि उनका समूह अगले दस साल में रिन्यूबल एनर्जी में 50 से 70 अरब डॉलर निवेश करेगा। समूह की कंपनियां नियोजित पूंजीगत व्यय का 70 प्रतिशत 2030 तक ऊर्जा क्षेत्र में बदलाव में निवेश करने को प्रतिबद्ध हैं।
गौतम अडानी ने कहा कि समूह के ग्रीन एनर्जी सेक्टर में हाइड्रोजन पासा पलटने वाला साबित होगा। समूह की ग्रीन एनर्जी इकाई दुनिया के सबसे बड़ा हरित हाइड्रोजन उत्पादकों में से एक होगी। गौतम अडानी ने कहा कि जलवायु रणनीतियां और उससे निपटने के उपाय तैयार करते समय नीति-निर्माताओं को वंचितों की आवाज निश्चित रूप से सुननी चाहिए।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि इस मामले में सहयोगपूर्ण रुख की जरूरत है। विकसित देश ग्रीन हाउस गैस उत्सर्जन के लिये अधिक जिम्मेदार रहे हैं। ऐसे में उन्हें बड़ी जिम्मेदारी लेनी चाहिए और ऐसी नीतियां तथा लक्ष्यों के प्रस्ताव करने चाहिए, जो विकासशील देशों की जरूरतों को पूरा करते हों।
गौतम अडानी ने कहा कि हम जहां जरूरत है, निवेश कर रहे हैं। ‘‘हमारी ग्रीन एनर्जी से जुड़ी कंपनियां इस मामले में निवेश योजनाओं के जरिये अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।’’ उन्होंने कहा कि ऊर्जा और जन केंद्रित सेवाओं से जुड़ी समूह की हमारी कंपनियां अगले दस साल में नवीकरणीय ऊर्जा में 20 अरब डॉलर निवेश करेंगी।







