रूस के डेनिल मेदवेदेव ने वर्ल्ड नंबर वन सर्बिया के टेनिस स्टार नोवाक जोकोविच को हराकर यूएस ओपन 2021 का खिताब जीत लिया है. इस हार के साथ ही जोकोविच का ‘कैलेंडर ईयर ग्रेंड स्लैम’ पूरा करने का सपना भी टूट गया. फाइनल में मेदवेदेव ने जोकोविच को किसी भी तरह का कोई मौका नहीं दिया.
ग्रैंड स्लैम टाइटल की रेस में आगे निकलने से भी चूके जोकोविच
फाइनल में इस हार के साथ ही जोकोविच ग्रैंड स्लैम टाइटल की रेस में पहले पायदान पर पहुंचने से भी चूक गए. जोकोविच के पास यहां खिताब जीतकर सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम जीतने के मामले में राफेल नडाल और रोजर फेडरर को पीछे छोड़ने का मौका था. इन तीनों ही के नाम 20-20 ग्रैंड स्लैम खिताब हैं.
मेदवेदेव ने जोकोविच और उनके फैंस से मांगी माफी
मैच के बाद मेदवेदेव ने अपनी खेल भावना का परिचय देते हुए सबसे पहले जोकोविच और उनके फैंस से इस बात के लिए माफी मांगी कि उन्होंने जोकोविच को इतिहास बनाने से रोक दिया. मेदवेदेव ने कहा, “नोवाक और उनके फैंस से मैं माफी चाहता हूं. हम सभी जानते हैं कि वो इस फाइनल में कौनसा इतिहास रचने जा रहे थे.” साथ ही उन्होंने जोकोविच की तारीफ करते हुए कहा, “आपने अब तक कि अपने करियर में जो कुछ हासिल किया है वो बेमिसाल है. मेरे लिए आप टेनिस इतिहास के सबसे महान खिलाड़ी हैं.”
जोकोविच ने मेदवेदेव को इस शानदार जीत के लिए बधाई दी और कहा, “आप यहां इस जीत के हकदार थे. अगर इस समय ऐसा कोई भी एक टेनिस खिलाड़ी है जो ग्रैंड स्लैम के खिताब का हकदार है तो वो आप हैं.”







