मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर परमबीर सिंह इस वक्त कहां हैं? किसी को मालूम नहीं है। NIA की जांच का सामना कर रहे परमबीर सिंह को लेकर ऐसी खबरें है कि वो देश छोड़ कर भाग गये हैं। कहा जा रहा है कि पूर्व कमिश्नर रूस भाग गये हैं। परमबीर सिंह के रूस भाग जाने के सवाल पर महाराष्ट्र के गृहमंत्री दिलीप वलसे पाटिल ने कहा, ‘केंद्रीय गृह मंत्रालय के साथ-साथ हम भी उनके बारे में पता लगा रहे हैं। मैंने भी उनके देश छोड़ कर जाने की बात सुनी है लेकिन एक सरकारी अधिकारी के तौर पर। वो बिना सरकार से हरी झंडी मिले विदेश नहीं जा सकेते हैं।’ महाराष्ट्र के गृहमंत्री ने कहा कि हमनें एक लुक आउट नोटिस जारी है और अगर वो चले गये हैं तो यह ठीक नहीं है।

एंटीलिया बम मामले में समन जारी होने के बाद परमबीर सिंह 7 अप्रैल को राष्ट्रीय जांच एजेंसी के सामने पेश हुए थे। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एंटीलिया मामले के बाद 17 मार्च को परमबीर सिंह का ट्रांसफर होम गार्ड डिपार्टमेंट में कर दिया गया था। उन्होंने 22 मार्च को अपना पद संभाला था और कहा जाता है कि 4 मई तक वो ऑफिस आए थे। उसके बाद स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर 5 मई से छुट्टी पर चले गए।

इसके बाद अगस्त के दूसरे हफ्ते में उन्होंने एक बार फिर से छुट्टी बढ़ाने को कहा और 29 अगस्त तक छुट्टी पर चले गए। लेकिन इसके बाद से उनसे कोई कम्युनिकेशन नहीं हुआ। यहां तक कि एनआईए से अगस्त में मिले समन के बाद भी वो पेश नहीं हुए। एनआईए और महाराष्ट्र राज्य की जांच एजेंसियों को शक है कि गिरफ़्तारी के डर से परमबीर सिंह देश छोड़कर चले गए हैं।

महाराष्ट्र के डीजीपी संजय पांडेय ने पूर्व कमिश्नर परमबीर सिंह और 25 अन्य पुलिस अधिकारियों को सस्पेंड करने की सिफारिश की है। परमबीर सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार और वसूली समेत कई मामले दर्ज हैं। दो मामलों में एसीबी उनके खिलाफ जांच भी कर रही है। परमबीर सिंह ने पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख पर 100 करोड़ वसूली करने का आरोप भी लगाया था। इस मामले में देशमुख को मंत्री पद भी गंवना पड़ा था।



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here