टाटा समूह की कंपनी टाटा पावर को रक्षा मंत्रालय से रॉकेट लांचर प्रणाली के लिए 490 करोड़ रुपये का ठेका मिला है। कंपनी ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। कंपनी ने बीएसई को बताया कि मंत्रालय ने उसे दो पिनाका रेजीमेंट के लिए ठेका मिला है। पिनाका एक प्रकार की रॉकेट लांचर प्रणाली है। कंपनी ने कहा, ”हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि कंपनी के रणनीतिक अभियांत्रिकी खंड ने रक्षा मंत्रालय के साथ पिनाका-3 अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं।पिनाका मल्टी बैरल लांचर रॉकेट सिस्टम एक ऐसी प्रणाली है, जो हर मौसम में काम करने में दक्ष है और परोक्ष तरीके से प्रक्षेपण करने में सक्षम है।
पावर मेक प्रोजेक्ट को 1,311.70 करोड़ रुपये के ठेके मिले
इंजीनियरिंग और निर्माण कंपनी पावर मेक प्रोजेक्ट लिमिटेड ने गुरुवार को कहा कि उसे अलग-अलग मामलों में कुल 1,311.70 करोड़ रुपये के ठेके मिले हैं। कंपनी ने शेयर बाजार को बताया कि उसे 1,311.70 करोड़ रुपये के काम के लिए अभिरुचि पत्र मिले हैं। पावर मेक प्रोजेक्ट ने कहा कि उसके संयुक्त उद्यम को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) से 555.13 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है। यह संयुक्त उद्यम पावर मेक और एसआरसी के बीच हैं, जिसमें पावर मेक की 60 प्रतिशत हिस्सेदारी है। कंपनी ने कहा कि एक अन्य संयुक्त उद्यम को राष्ट्रीय राजमार्ग तथा अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) से 446.40 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है। इसके अलावा कंपनी को कई छोटे ठेके भी मिले हैं।







