ग्लेन मैक्सवेल के पांचवें अर्धशतक और उनकी एबी डिविलियर्स के साथ मात्र 39 गेंदों पर 73 रन की जबरदस्त साझेदारी की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने पंजाब किंग्स को आईपीएल 2021 के 48वें मुकाबले में रविवार को छह रन से हराकर प्लेऑफ में जगह बना ली। बैंगलोर ने 20 ओवर में सात विकेट पर 164 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया, जबकि पंजाब की टीम एक समय अच्छी स्थिति में रहने के बावजूद छह विकेट पर 158 रन ही बना पाई।
बैंगलोर ने इस तरह 12 मैचों में अपना आठवां मुकाबला जीता और 16 प्वॉइंट्स के साथ प्लेऑफ में एंट्री ले ली। चेन्नई और दिल्ली पहले ही प्लेऑफ में जगह बना चुके हैं। दूसरी तरफ पंजाब को 13 मैचों में आठवीं हार का सामना करना पड़ा और वह अब 10 प्वॉइंट्स के साथ प्वॉइंट टेबल में पांचवें स्थान पर है। पंजाब अब यही उम्मीद करेगी कि वह आखिरी मैच जीते और दूसरे परिणाम भी उसके अनुकूल रहे, ताकि वह चौथी टीम के रूप में प्लेऑफ में जगह बना सके।
इस मैच में बैंगलोर को उसके ओपनरों कप्तान विराट कोहली और देवदत्त पडीक्कल ने 68 रन की शानदार शुरुआत दी, लेकिन इसके बाद मोइजेस हेनरिक्स ने पांच रन के अंतराल में विराट, डेनियल क्रिस्टियन और पडीक्कल के विकेट झटक लिए। विराट ने 24 गेंदों पर 25 रन में दो चौके और एक छक्का लगाया, जबकि पडीक्कल ने 38 गेंदों पर 40 रन में चार चौके और दो छक्के लगाए।
इसके बाद मैक्सवेल और डिविलियर्स ने चौथे विकेट के लिए 39 गेंदों पर 73 रन ठोक डाले। डिविलियर्स को 19वें ओवर में सरफराज खान ने सीधे थ्रो से रन आउट किया। मोहम्मद शमी ने पारी के आखिरी ओवर में मैक्सवेल, शाहबाज अहमद और जॉर्ज कार्टन को पवेलियन भेजा। शमी ने 39 रन पर तीन विकेट और हेनरिक्स ने 12 रन पर तीन विकेट लिए। हेनरिक्स का यह प्रदर्शन उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।







