हाइलाइट्स:
- लखीमपुर खीरी में अपराध चरम पर, यहां 20 दिन में रेप और मर्डर की तीसरी वारदात
- इस बार सिंहाई इलाके के गांव में 3 साल की बच्ची का क्षत-विक्षत शव गन्ने के खेत में मिला
- बच्ची बुधवार को घर से लापता हुई थी और कल उसका शव मिला जिसमें चोट के निशान थे
यूपी के लखीमपुर खीरी में अपराध चरम पर है। यहां 20 दिन में नाबालिग के साथ कथित रेप और मर्डर की तीसरी वारदात सामने आई है। इस बार सिंहाई इलाके के एक गांव में 3 साल की बच्ची का क्षत-विक्षत शव गन्ने के खेत में मिला। बच्ची बुधवार को घर से लापता हुई थी और गुरुवार को उसका शव मिला जिसमें चोट के निशान भी थे।
बच्ची के पिता ने आरोप लगाया है कि गांव के ही लेखराम ने पुरानी दुश्मनी के कारण बेटी की हत्या की है। उन्होंने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया हे कि आरोपी ने दुश्मनी के कारण उसकी बेटी का पहले अपहरण किया बाद में मार दिया। इस घटना के बाद लखीमपुर में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस ने योगी सरकार पर हमला बोला है।
पढ़ें: बुधवार से लापता 3 साल की बच्ची को नहीं ढूंढ सकी पुलिस, अब मिला क्षत-विक्षत शव
तीनों घटनाओं में एक ही जैसा तरीका
20 दिन में रेप और हत्या की तीसरी घटना से लखीमपुर में दहशत का माहौल है। तीनों ही वारदात में आरोपियों ने एक ही तरीके से अपराध को अंजाम दिया। पहले बच्चियां घर से लापता हुईं फिर अगले दिन उनका शव गन्ने के खेत या घर के बाहर पड़ा मिला। मेडिकल रिपोर्ट में रेप की भी पुष्टि हुई।
कांग्रेस का योगी सरकार पर हमला
यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने ट्वीट किया, ‘लखीमपुर खीरी में बच्चियों के साथ रेप-हत्या की घटनाएं रुक नहीं रही। कल एक और बच्ची की हत्या हो गई,कौशांबी में एक बच्ची की हत्या,रेप की आशंका। इतने घटनाओं के बाद भी तथाकथित ‘सख़्त मुख्यमंत्री’ ने जिले के आलाधिकारियों की जिम्मेदारी तय नहीं की। दम तोड़ती व्यवस्था,लाचार मुख्यमंत्री।’
13 साल की बच्ची की रेप के बाद हत्या
इससे पहले जिले के ईसानगर में 14 अगस्त को एक 13 साल की लड़की के साथ बलात्कार के बाद उसकी हत्या कर दी गयी थी। पुलिस के मुताबिक लड़की दोपहर बाद अपने घर से खेत में गयी थी, शाम तक जब वह नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो एक गन्ने के खेत में उसका शव बरामद हुआ। पुलिस ने मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया था और कहा गया था कि आरोपियों के खिलाफ एनएसए के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
17 साल की लड़की की हत्या भी हुई
इसी तरह की घटना 24 अगस्त को नीमगांव इलाके में हुई थी जहां 17 साल की एक दलित लड़की का शव उसके गांव के बाहर मिला था। वह छात्रवृत्ति का फार्म भरने गयी थी तभी उसकी बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई थी। नीमगांव पुलिस स्टेशन के अन्तर्गत उसके गांव के बाहर एक खाली तालाब में लड़की का क्षत विक्षत शव बरामद हुआ था।
यह दोनों घटनाएं पिछले महीने की हैं। इसके बाद विपक्षी कांग्रेस और समाजवादी पार्टी प्रदेश की योगी सरकार पर खराब कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए थे।







