दिल्ली में पिछले चार दिनों से कोरोना वायरस संक्रमण के 5000 से अधिक मामले दर्ज हो रहे हैं। पहली बार दिल्ली में बुधवार को पांच हजार से अधिक 5673 नए मामले आए थे। ये सिलसिला शनिवार को भी जारी है। आज यहां 5062 नए मामले आए हैं। वहीं 41 मौतों के साथ कोरोना के कारण जान गंवाने वालों की संख्या अब 6500 के पार जा चुकी है। दिल्ली में शुक्रवार को सबसे अधिक 5891 मामले सामने आए थे। वहीं गुरुवार को 5739 नए केस दर्ज हुए थे।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, आज आए 5062 नए मामलों के साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या अब 3 लाख 86 हजार 706 तक पहुंच गई है। कुल मामलों में से 3 लाख 47 हजार 476 लोग इलाज के बाद पूर्णतः उपचारित हो चुके हैं और उन्हें अस्पातल से डिस्चार्ज कर दिया है। बीते 24 घंटे में 41 लोगों की कोरोना के कारण जान गई है। दिल्ली में कोविड-19 की चपेट में आकर अब तक कुल 6511 लोगों की मौत हो चुकी है।
5,062 new #COVID19 cases, 4,665 recoveries and 41 deaths reported in Delhi today.
The total case tally stands at 3,86,706 including 3,47,476 recoveries, 32,719 active cases and 6,511 deaths: Delhi Government pic.twitter.com/We6Ii6LKgw
— ANI (@ANI) October 31, 2020
लगातार बढ़ रहे मामलों कारण एक्टिव केस की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। स्वास्थ्य विभाग की हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी में फिलहाल 32 हजार 719 सक्रिय मामले हैं। इनमें से 20 हजार 93 लोग होम आइसोलेशन में रहकर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं जबकि बाकी के अन्य लोगों का दिल्ली के अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
दिल्ली में रोज के मुकाबले आज टेस्टिंग की संख्या कम रही है। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि आज 44 हजार 330 कोविड सैंपल्स की जांच हुई है। इसमें से 15 हजार 424 सैंपल्स आरटीपीसीआर/सीबीनैट/ट्रूनैट के जरिए जांचे गए जबकि 28 हजार 906 सैंपल्स की जांच रैपिड एंटीजन टेस्ट के माध्मय से हुई है। दिल्ली में अभी तक कुल 46 लाख 80 हजार 695 सैंपल्स की जांच हो चुकी है। राजधानी में अब कंटेनमेंट जोन की संख्या भी बढ़कर 3274 तक पहुंच गई है।







