पाकिस्तान के महान तेज गेंदबाज वकार यूनिस ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) को टेस्ट क्रिकेट में केवल एक ही ब्रांड की गेंद के इस्तेमाल पर विचार करना चाहिए, क्योंकि तेज गेंदबाजों को दुनिया भर में अलग अलग परिस्थितियों में खेलते हुए सामंजस्य बिठाने में मुश्किल होती है। पाकिस्तान क्रिकेट टीम हाल के इंग्लैंड दौरे पर ड्यूक गेंद से खेली, जिसमें उसे तीन टेस्ट मैचों की सीरीज 0-2 से गंवानी पड़ी।
वकार यूनिस ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के लिए एक कॉलम में लिखा, ”मैं कई वर्षों तक ड्यूक गेंद का बड़ा हिमायती रहा, लेकिन मुझे लगता है कि टेस्ट क्रिकेट के लिए पूरी दुनिया में केवल एक ही ब्रांड की गेंद का इस्तेमाल किया जाना चाहिए।”
आलोचना करने वालों पर भड़के शोएब अख्तर, पूछा- क्यों मुझे विराट कोहली की तारीफ नहीं करनी चाहिए?
उन्होंने लिखा, ”यह मायने नहीं रखता कि कौन सा ब्रांड लेकिन आईसीसी को यह फैसला करना चाहिए। गेंदबाजों के लिए दुनिया भर में विभिन्न प्रकार की गेंदों का इस्तेमाल कर सामंजस्य बिठाना मुश्किल होता है।” ड्यूक के अलावा कूकाबुरा और एसजी गेंद अंतरराष्ट्रीय मैचों में इस्तेमाल की जाती है। भारतीय टीम एसजी गेंदों का इस्तेमाल करती है तो इंग्लैंड, आयरलैंड और वेस्टंडीज ड्यूक गेंद और अन्य देश कूकाबुरा का इस्तेमाल करते हैं।
आईसीसी ने कोविड-19 महामारी के चलते गेंद को चमकाने के लिए लार के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया है। यूनिस ने कहा कि इंग्लैंड में मौसम के कारण इससे कोई परेशानी नहीं हुई।
उन्होंने कहा, ”दोनों टीमों को हालिया टेस्ट सीरीज के दौरान सबसे बड़ी चुनौती लार के इस्तेमाल पर प्रतिबंध से हुई। मुझे नहीं लगता की इंग्लैंड में मौसम को देखते हुए वास्तव में यह कोई बड़ा मुद्दा था।”







