भारतीय क्रिकेट टीम में ओपनिंग पोजिशन पर आते ही रोहित शर्मा के करियर ने एक नया रुख अपनाया। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने वक्त के साथ अपनी बल्लेबाजी में काफी सुधार किया और आखिर में आधुनिक युग के महान बल्लेबाज के रूप में उभरे हैं। पिछले कुछ सालों में रोहित शर्मा ने शानदार परफॉर्म करते हुए कई बेहतरीन रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किए हैं। रोहित ने वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा तीन बार दोहरे शतक जड़े है। रोहित ने टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक जड़ा है। रोहित की परफॉर्मेंस पर वसीम जाफर का कहना है कि इस खिलाड़ी में विदेशी सरजमीं पर टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक जड़ने की काबिलियत है।
रोहित शर्मा ने अबतक भारत के लिए 224 वनडे, 108 टी-20 और 32 टेस्ट मैच खेले हैं। तीनों फॉर्मैट में खेलते हुए रोहित ने 14029 रन बनाए हैं। 2019 रोहित शर्मा के लिए बेहद खास रहा। वर्ल्ड कप 2019 के दौरान उनका परफॉर्मेंस बेहद शानदार रहा। रोहित किसी एक वर्ल्ड कप में 5 शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने थे। टेस्ट क्रिकेट में भी रोहित ने पिछले साल अच्छा परफॉर्म किया। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वह बतौर ओपनर उतरे। इस दौरान उन्होंने 529 रन बनाए, जिनमें दोहरा शतक भी शामिल रहा।
धोनी ने जन्मदिन पर लाडली जीवा ने गाया पापा के लिए स्पेशल गाना- VIDEO
कमेंटेटर आकाश चोपड़ा के यूट्यूब चैनल आकाशवाणी पर वसीम जाफर ने रोहित शर्मा के बतौर टेस्ट ओपनर करियर को लेकर अपनी राय रखी। चोपड़ा ने जाफर से पूछा कि क्या वह रोहित शर्मा को टेस्ट क्रिकेट में विदेशी सरजमीं पर ओपनर के रूप में सफल होते देखते हैं, क्योंकि भारत में उन्होंने दोहरा शतक जड़ दिया है। इसका जवाब देते हुए जाफर ने कहा रोहित अब अपने खेल को बहुत अच्छे से समझते हैं।
इस दौरान वसीम जाफर ने रोहित शर्मा की दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान के खिलाफ वर्ल्ड कप 2019 की पारी का भी जिक्र किया। जाफर ने दावा किया कि रोहित शर्मा विदेशी धरती पर भी टेस्ट में दोहरा शतक जड़ने की क्षमता रखते हैं।
देश पहली प्राथमिकता, उम्मीद करता हूं 2020 में IPL का आयोजन होगा: सौरव गांगुली
वसीम जाफर ने कहा, ”मुझे ऐसा लगता है। मुझे लगता है कि अब वह खेल को और ज्यादा समझने लगे हैं। यह वह रोहित शर्मा नहीं है, जिन्हें हमने पहले देखा है। वह जानते हैं कि उन्हें कहां शांत रहने की जरूरत है। वनडे क्रिकेट में भी, आप वर्ल्ड कप में देखें तो कुछ मैचों में गेंद घूम रही थी और वह उसे संभाल रहे थे। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान के खिलाफ खुद को 8-10 ओवर तक पकड़े रखा।”
उन्होंने कहा, ”मुझे लगता है कि विदेशी सरजमीं पर शुरुआती 30-45 मिनट में वह कुछ कमजोर रहते हैं। लेकिन अगर वह सरवाइव कर जाएं तो वहां भी दोहरा शतक लगाने की क्षमता रखते हैं।” जाफर ने कहा कि रोहित ने स्थिति की मांग के अनुसार अपनी पारी को आकार देने की क्षमता विकसित की है। जाफर के मुताबिक, रोहित तब तक खुद को संभाले रहते हैं, जब उन्हें पता चला कि बल्लेबाजी की स्थिति बेहतर हो गई है।
उन्होंने कहा, ”फिर जब वह समझते हैं कि स्थितियां बेहतर हो गई हैं तो उनके पास तेजी लाने की क्षमता है। इसके बाद अचानक उनका स्ट्राइक रेट 120-130 हो जाएगा। इसलिए मुझे लगता है कि वह समझते हैं कि कब बैकफुट पर जाने की जरूरत और कहां अटैक करना है।”







