गलवान घाटी में झड़प के बाद भारत-चीन के बीच तनाव का असर शेयर बाजार पर भी देखने को मिल रहा है। घरेलू शेयर बाजार आज कमजोरी के साथ खुला। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 136 अंकों की गिरावट के साथ 33371 के स्तर पर खुला तो वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का संवेदी सूचकांक निफ्टी भी दिन के कारोबार की शुरुआत लाल निशान से की। वहीं बुधवार को सेंसेक्स 97.30 और निफ्टी 32.85 अंकों के नुकसान के साथ 9,881.15 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं कोरोना को लेकर चिंता बढ़ने से विदेशी बाजारों में कमजोरी देखने को मिल रही है।
मुथूट फाइनेंस का शुद्ध लाभ 52 प्रतिशत बढ़ा
मुथूट फाइनेंस लिमिटेड (एमफिन) ने बुधवार को बताया कि बीते वित्त वर्ष की अंतिम तिमाही के दौरान उसका समेकित शुद्ध लाभ 52.4 प्रतिशत बढ़कर 835.78 करोड़ रुपये हो गया और इस दौरान स्वर्ण ऋण की मांग काफी अधिक रही। कंपनी ने 2019 की जनवरी-मार्च तिमाही के दौरान 548.56 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हासिल किया था।कंपनी ने बताया कि स्वर्ण ऋण कारोबार के कारण बीते साल कंपनी का प्रदर्शन अच्छा रहा। लॉकडाउन के कारण मार्च के अंतिम 15 दिनों को छोड़कर यह पूरे साल बेहतरीन रहा।
यह भी पढ़ें: भारत-चीन आमने-सामने: ड्रैगन से बढ़ा तनाव देसी कंपनियों को देगा कई अवसर
एमफिन के प्रबंध निदेशक जॉर्ज अलेक्जेंडर मुथूट ने पीटीआई-भाषा से कहा, ”कुल मिलाकर मांग अच्छी थी और ये हमारे अच्छे प्रदर्शन की मुख्य वजह है। वित्त वर्ष 2019-20 की मार्च तिमाही के दौरान एमफिन की कुल आय बढ़कर 2,633.58 करोड़ रुपये हो गई, जो इससे पिछले साल की समान तिमाही में 2,088.84 करोड़ रुपये थी।







