आज लगातार दूसरे दिन भी शेयर बाजार की मजबूत शुरुआत हुई। बीएसई का 30 स्टॉक्स वाला प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 178.16 अंकों की बढ़त के साथ 52,877.16 के स्तर पर खुला। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी हरे निशान के साथ दिन के कारोबार की शुरुआत की। निफ्टी आज 49 अंक ऊपर 15,839.35 के स्तर पर खुला। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स लाल तो निफ्टी हरे निशान पर था।
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स में इंडसइंड बैंक, इन्फोसिस, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टीसीएस, कोटक बैंक और हिन्दुस्तान यूनीलीवर लाल निशान पर थे तो वहीं महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल, एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक, ओएनजीसी, अल्ट्राटेक, एचसीएलटेक, आईसीआईसीआई बैंक, स्टेट बैंक, एक्सिस बैंक, पावरग्रिड, नेस्ले टाइटन, मारुति, एयरटेल, हरे निशान पर कारोबार कर रहे थे।
गुरुवार का हाल: आईटी शेयरों में तेजी से सेंसेक्स 393 अंक चढ़ा
वैश्विक बाजारों से सकारात्मक संकेत मिलने के बीच इन्फोसिस, टीसीएस और एचडीएफसी बैंक जैसे प्रमुख शेयरों में बढ़त से बंबई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 393 अंक उछल गया। बीएसई का 30 कंपनी शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 392.92 अंक यानी 0.75 प्रतिशत बढ़कर 52,699 अंक पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 103.50 अंक यानी 0.66 प्रतिशत बढ़कर 15,790.45 अंक पर बंद हुआ।







