Share Market Live: शेयर बाजार में तेजी बरकरार है। आज यानी बुधवार को स्टॉक मार्केट की शुरुआत मजबूती के साथ हुई। बीएसई का 30 स्टॉक्स वाला प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स197.12 अंकों की बढ़त के साथ 59942 पर खुला। वहीं निफ्टी हरे निशान के साथ 17,861.50 के स्तर पर खुला। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 131 अंकों के फायदे के 59876 के स्तर पर था, जबकि 56 अंकों की तेजी के साथ निफ्टी 17873 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
शुरुआती कारोबार में निफ्टी टॉप गेनर की लिस्ट में आज भी ओएनजीसी टॉप पर था। जबकि अन्य शेयरों में आईओसी, कोल इंडिया, बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा थे। अगर टॉप लूजर की बात करें तो एचसीएल टेक,डिविस लैब, टाइटन, सिप्ला और हिन्दुस्तान यूनिलीवर के स्टॉक्स थे। कारोबार के शुरुआत में निफ्टी 50 के 14 स्टॉक्स लाल निशान पर कारोबार कर रहे थे। वहीं 35 हरे और 1 में कोई बदलाव नहीं नजर आ रहा था।
.मंगलवार का हाल
रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और इन्फोसिस के शेयरों में बढ़त से मंगलवार को सेंसेक्स 446 अंक चढ़ गया। मुख्य रूप से वैश्विक बाजारों के सकारात्मक रुख से बाजार में तेजी आई। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स कमजोर रुख के साथ खुलने के बावजूद अंत में 445.56 अंक या 0.75 प्रतिशत की बढ़त के साथ 59,744.88 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 131.05 अंक या 0.74 प्रतिशत के लाभ से 17,822.30 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की कंपनियों में इंडसइंड बैंक का शेयर सबसे अधिक करीब पांच प्रतिशत चढ़ गया। भारती एयरटेल, एचसीएल टेक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाइटन और एशियन पेंट्स के शेयर भी लाभ में रहे।
दो दिन में निवेशकों की पूंजी 5.17 लाख करोड़ रुपये बढ़ी
शेयर बाजारों में तेजी के बीच दो कारोबारी सत्रों में बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) 5.17 लाख करोड़ रुपये बढ़ गया। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स मंगलवार को 445.56 अंक या 0.75 प्रतिशत और चढ़कर 59,744.88 अंक पर पहुंच गया। सोमवार को सेंसेक्स 533.74 अंक या 0.91 प्रतिशत चढ़ा था। दो दिन की बढ़त के साथ बीएसई की सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 5,17,836.87 करोड़ रुपये बढ़कर अपने सर्वकालिक उच्चस्तर 2,64,78,332.22 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। मोतीताल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के खुदरा शोध प्रमुख सिद्धार्थ खेमका ने कहा, ”भारतीय बाजार नकारात्मक रुख के साथ खुले, लेकिन व्यापक लिवाली के बीच अंत में ये लाभ के साथ बंद हुए।”







