Share Market Live Updates: शेयर बाजार की शुरुआत आज भी कमजोर रही। सेंसेक्स 62.33 अंक टूटकर 61,081.00 के स्तर पर खुला तो निफ्टी 18187 पर। बाजार खुलने के कुछ मिनट में सेंसेक्स 360 अंक लुढ़ककर 61000 के नीचे आ गया। निफ्टी भी इससे अछूता नहीं रहा और 121 अंकों की गिरावट के साथ 18,089.35 के स्तर पर आ गया। कारोबार के शुरुआत में निफ्टी टॉप गेनर में इंडसइंड बैंक 5.58 फीसद की तेजी के साथ कारोबार कर रहा था। इसके अलावा एलएंडटी, बजाज ऑटो, एसबीआई लाइफ, ब्रिटानिया हरे निशान पर थे। वहीं, अडानी पोर्ट, हिन्डाल्को, ओएनजीसी, आईसीआईआई बैंक और टाइटन टॉप-5 लूजर थे।
बुधवार का हाल
एक्सिस बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और बजाज फाइनेंस के शेयरों में गिरावट से बुधवार को सेंसेक्स 207 अंक टूट गया। वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख से भी यहां धारणा प्रभावित हुई। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 206.93 अंक या 0.34 प्रतिशत के नुकसान से 61,143.33 अंक पर आ गया। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 57.45 अंक या 0.31 प्रतिशत के नुकसान से 18,210.95 अंक रह गया।
सेंसेक्स की कंपनियों में एक्सिस बैंक का शेयर सबसे अधिक छह प्रतिशत टूट गया। बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, इंडसइंड बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर और टाटा स्टील के शेयर भी नुकसान में रहे। वहीं दूसरी ओर एशियन पेंट्स, सन फार्मा, इन्फोसिस, एसबीआई तथा अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों में लाभ रहा। रेलिगेयर ब्रोकिंग के उपाध्यक्ष-शोध अजित मिश्रा ने कहा, ”मिलेजुले वैश्विक रुख के बीच बाजार में कारोबार सुस्त रहा। शुरुआत में एशियाई बाजारों के कमजोर रुख से धारणा प्रभावित हुई। बाद में विभिन्न क्षेत्रों में मिलाजुला रुख देखने को मिला।”







