Share Market Live Updates: शेयर बाजार की शुरुआत सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को मजबूत रही। सेंसेक्स 270 अंक चढ़कर 59,577 के स्तर पर खुला तो निफ्टी 17,783 पर। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 513.9 अंक उछल कर 59,820.83 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 133.05 अंकों की बढ़त के साथ 17,804.70 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सुबह सवा नौ बजे बाजार खुलते ही निफ्टी टॉप गेनर में एयरटेल, आईओसी, टेक महिंद्रा, टाइटन और एक्सिस बैंक के स्टॉक थे तो लूजर में यूपीएल, टाटा मोटर्स, नेस्ले इंडिया, महिंद्रा एंड महिंद्र और हिन्दुस्तान यूनिलीवर के शेयर थे।
इस हफ्ते कैसी रहेगी बाजार की चाल
अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के ब्याज दर पर निर्णय, घरेलू मोर्चे पर वृहद आर्थिक आंकड़ों तथा कंपनियों के तिमाही नतीजों से इस सप्ताह शेयर बाजारों की दिशा तय होगी। विश्लेषकों ने यह राय जताई है। विश्लेषकों ने कहा कि इसके अलावा निवेशकों की निगाह सोमवार को आने वाले वाहन बिक्री के आंकड़ों पर भी रहेगी। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के खुदरा शोध प्रमुख सिद्धार्थ खेमका ने कहा, दीवाली त्योहार की वजह से इस सप्ताह सिर्फ तीन दिन बाजार में कारोबार होगा। उन्होंने कहा, सप्ताह के दौरान अक्तूबर माह के पीएमआई आंकड़े आने हैं। इसके अलावा फेडरल रिजर्व की बैठक से भी बाजार को दिशा मिलेगी। बीते सप्ताह विदेशी कोषों की बिकवाली, कमजोर वैश्विक रुख तथा मिलेजुले तिमाही नतीजों से बाजार की धारणा प्रभावित हुई।
दो दिन बाजार रहेंगे बंद
सैमको सिक्योरिटीज की इक्विटी शोध प्रमुख येशा शाह ने कहा, हालांकि, आगामी सप्ताह बाजार में सामान्य से कम दिन कारोबार होगा, लेकिन यह काफी घटनाक्रमों से भरा रहेगा। मुख्य रूप से बाजार की धारणा फेडरल रिजर्व की बैठक से तय होगी। गुरुवार को दीवाली लक्ष्मी पूजा और शुक्रवार को दीवाली बलिप्रतिपदा के मौके पर शेयर बाजार बंद रहेंगे। स्वास्तिका इनवेस्टमार्ट के खुदरा शोध प्रमुख संतोष मीणा ने कहा, दीवाली की वजह से बाजार कम कारोबारी दिनों का होगा। त्योहारी सीजन के चलते इस समय बाजार मुनाफा काटने के मूड में है।







