सावन के पहले दिन सोमवार को शेयर बाजार मजबूती के साथ खुला। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक  सेंसेक्स 292 अंकों की बढ़त के साथ 36,313.46 के स्तर पर आज दिन के कारोबार की शुरुआत की। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 10,614.95 के स्तर पर खुला। सावन की तरह पहले सोमवार को सेंसेक्स के अधिकतर स्टॉक पर हरा रंग छाया हुआ है। सेंसेक्स के बोर्ड पर हरियाली दिख रही है। एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसी बैंक, आईटीसी, इंडसइंड बैंक, टेक महिंद्रा, एक्सिस बैंक, एयरटेल, एसबीआई, कोटक बैंक, सनफार्मा, रिलायंस इंडस्ट्रीज समेत सेंसेक्स के 28 स्टॉक हरे निशान के साथ खुले। बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 850.15 अंक या 2.41 प्रतिशत के लाभ में रहा।
  

इस हफ्ते वैश्विक संकेतकों से तय होगी शेयर बाजार की दिशा

शेयर बाजारों की दिशा इस सप्ताह वैश्विक संकेतकों, कोविड-19 के रुख और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) जैसी बड़ी कंपनियों के पहली तिमाही के नतीजों से तय होगी। विश्लेषकों ने यह राय जताई है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा निवेशकों की निगाह रुपये के उतार-चढ़ाव और कच्चे तेल की कीमतों पर भी रहेगी। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के खुदरा अनुसंधान प्रमुख सिद्धार्थ खेमका ने कहा है कि पहली तिमाही के नतीजों की शुरुआत नौ जुलाई को टीसीएस के साथ होगी। 

शीर्ष कंपनियों का पूंजीकरण 1.37 लाख करोड़ बढ़ा

सेंसेक्स की शीर्ष दस कंपनियों के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह 1,37,508.61 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ। सबसे अधिक लाभ में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और रिलायंस इंडस्ट्रीज रहीं। बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 850.15 अंक या 2.41 प्रतिशत के लाभ में रहा। समीक्षाधीन सप्ताह में टीसीएस का बाजार पूंजीकरण 31,294.89 करोड़ रुपये बढ़कर 8,25,149.40 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।  शीर्ष दस कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एचडीएफसी, इन्फोसिस, भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक, आईटीसी और आईसीआईसीआई बैंक का स्थान रहा। 





Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here