विशेष प्रकार के रसायन बनाने वाली कंपनी तत्व चिंतन (Tatva Chintan) फार्मा केम की शेयर बाजार में लिस्टिंग हो गई है। लिस्टिंग के साथ ही कंपनी ने अपने उन निवेशकों को मालामाल कर दिया, जिन्होंने आईपीओ के जरिए हिस्सेदारी खरीदी है।
चंद मिनटों में डबल हुई रकम: एनएसई इंडेक्स पर तत्व चिंतन फार्मा केम की 2,111.8 रुपए प्रति शेयर पर लिस्टिंग हुई। यह 1,083 रुपए प्रति शेयर के इश्यू मूल्य का 95 फीसदी ज्यादा है। वहीं, बीएसई इंडेक्स पर, शेयर इश्यू प्राइस से 123 फीसदी ऊपर 2,416 रुपए प्रति स्टॉक पर लिस्टिंग हुई। लिस्टिंग के कुछ मिनट बाद ही स्टॉक बढ़कर 2,448 रुपए हो गया, जिससे निवेशकों का पैसा दोगुना हो गया। इस तेजी की वजह से बीएसई इंडेक्स पर कंपनी का मार्केट कैपिटल 5,100 करोड़ रुपए के स्तर को पार कर लिया।
500 करोड़ का आईपीओ: आपको बता दें कि तत्व चिंतन फार्मा केम का आईपीओ 16 से 20 जुलाई तक खुला था। इस 500 करोड़ के आईपीओ को अंतिम दिन लगभग 180 गुना सब्सक्राइब किया गया, जिसमें रिटेल सेगमेंट को 35 गुना, इंस्टीट्यूशनल सेगमेंट को 186 गुना और गैर-संस्थागत को 516 गुना सब्सक्राइब किया गया।
कंपनी के बारे में: वडोदरा स्थित यह कंपनी, एक विशेष रासायन निर्माण कंपनी है। कंपनी अपने अधिकांश उत्पादों का निर्यात करती है। अमेरिका, चीन, जर्मनी, जापान, दक्षिण अफ्रीका और ब्रिटेन सहित 25 से अधिक देशों में उसका माल जाता है।







