आज दिनभर शेयर बाजार सीमित दायरे में कारोबार करता रहा। अंत में हरे निशान के साथ बंद हुआ। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 111 अंकों के तेजी के साथ 51,128.80 के स्तर पर खुला और 97 अंकों की बढ़त के साथ 51115 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 15323 पर खुला और 36 अंकों की बढ़त के साथ 15337 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी 50 के 16 स्टॉक्स नुकसान और 34 फायदे के साथ बंद हुए। निफ्टी टॉप गेनर में आज श्रीसीमेंट, स्टेट बैंक, बजाज ऑटो, कोटक महिंद्रा बैंक और टेक महिंद्रा रहे तो टॉप लूजर में एचडीएफसी, ओएनजीसी, आईओसी, बजाज फाइनेंस और भारती एयरटेल प्रमुख रहे।
यह भी पढ़ें: अडाणी की कंपनी में इनवेस्टमेंट करने वाले लोग हुए मालामाल, हर 10 हजार का निवेश बढ़कर हुआ 52 हजार रुपये
चौथी तिमाही में पीसी ज्वेलर को 59.59 करोड़ रुपये का मुनाफा
पीसी ज्वेलर लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2020-21 की चौथी तिमाही में 59.59 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध मुनाफा अर्जित किया है।एक नियामकीय सूचना में कंपनी ने बीएसई को बताया कि उसे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 38.15 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था। वित्त वर्ष 2020-21 की चौथी तिमाही में कंपनी की शुद्ध आय घटकर 868.31 करोड़ रुपये रह गई, जो एक साल पहले की अवधि में 914.67 करोड़ रुपये थी।
पूरे वित्त वर्ष 2020-21 में पीसी ज्वेलर का एकीकृत शुद्ध लाभ 25.30 प्रतिशत घटकर 62 करोड़ रुपये रह गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 83.04 करोड़ रुपये रहा था।
उक्त अवधि में कंपनी की कुल आय पहले के 5,206.77 करोड़ रुपये से घटकर 2,826.34 करोड़ रुपये रह गई। कंपनी के निदेशक मंडल ने इस साल एक जुलाई से बलराम गर्ग को कंपनी के प्रबंध निदेशक के रूप में और पांच साल के लिए फिर से नियुक्त किया है।







