आईपीओ (IPO) से लिस्टिंग वाले दिन मुनाफा कमाने की आस लगाए बैठे निवेशकों को साल के पहले ही आईपीओ में झटका लगा है। एजीएस ट्रांजैक्ट टेक्नोलॉजीज (AGS Transact Technologies) साल 2021 में आया पहला आईपीओ है। साल के इस पहले IPO में निवेशक लिस्टिंग वाले दिन मुनाफा नहीं बना पाए, बल्कि उन्हें नुकसान झेलना पड़ा है। शेयर बाजार में सोमवार को एजीएस ट्रांजैक्ट टेक्नोलॉजीज की लिस्टिंग फ्लैट रही।
लिस्टिंग के बाद स्टॉक में आई गिरावट
एजीएस ट्रांजैक्ट टेक्नोलॉजीज (AGS Transact Technologies) के शेयर सोमवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) में 176 रुपये पर लिस्ट हुए। वहीं, कारोबार के आखिर में कंपनी के शेयर BSE पर 7.83 फीसदी की गिरावट के साथ 161.30 रुपये पर बंद हुए। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर एजीएस ट्रांजैक्ट टेक्नोलॉजीज के शेयर 175 रुपये पर लिस्ट हुए। NSE में कारोबार के आखिर में कंपनी के शेयर 7.97 फीसदी की गिरावट के साथ 161.05 रुपये पर बंद हुए।
यह भी पढ़ें- कोर सेक्टर का प्रॉडक्शन 3.8% बढ़ा, जनवरी में 1.38 लाख करोड़ रुपये का GST कलेक्शन
इश्यू को इनवेस्टर्स से मिला था शानदार रिस्पॉन्स
दिन के कारोबार के दौरान BSE पर एजीएस ट्रांजैक्ट टेक्नोलॉजीज के शेयरों ने 153.80 रुपये के निचले स्तर को छुआ। स्टॉक 181.85 रुपये के हाई लेवल पर भी पहुंचे। एजीएस ट्रांजैक्ट टेक्नोलॉजीज ने पब्लिक इश्यू के जरिए 680 करोड़ रुपये जुटाए हैं। इश्यू को इनवेस्टर्स से शानदार रिस्पॉन्स मिला था। कंपनी का इश्यू 7.79 गुना सब्सक्राइब हुआ था। नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स का कोटा 25.61 गुना सब्सक्राइब हुआ था। वहीं, क्वॉलीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स और रिटेल इनवेस्टर्स का हिस्सा क्रमशः 2.68 गुना और 3.08 गुना सब्सक्राइब हुआ था।
यह भी पढ़ें- एयर इंडिया के बाद भारी-भरकम घाटे वाली एक और सरकारी कंपनी हुई रतन टाटा की
एजीएस ट्रांजैक्ट टेक्नोलॉजीज लिमिटेड बैंकों और कॉरपोरेट क्लाइंट्स को डिजिटल और कैश बेस्ड सॉल्यूशंस उपलब्ध कराती है। कंपनी कस्टमाइज्ड प्रॉडक्ट्स और ATM, CRM आउटसोर्सिंग, कैश मैनेजमेंट, डिजिटल पेमेंट सॉल्यूशंस जैसी सर्विसेज उपलब्ध कराती है। ज्यादातर एनालिस्ट्स ने कंपनी के इश्यू को सब्सक्राइब करने की रेटिंग दी थी। कंपनी के इश्यू का प्राइस बैंड 166-175 रुपये था।







