बॉलीवुड के दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत मामले की जांच सीबीआई को सौंपे जाने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद बीजेपी प्रवक्ता सबित पात्रा ने महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधा है। संबित पात्रा ने कहा है कि पहले महाराष्ट्र सरकार सो रही थी और अब रो रही है।
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में सुशांत के पिता कृष्ण किशोर सिंह की शिकायत पर बिहार पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी को बरकरार रखा और कहा कि सीबीआई को जांच के लिए यह मामला स्थानांतरित करना कानून सम्मत है।
कोर्ट के आदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने ट्वीट किया, ‘पहले महाराष्ट्र सरकार सो ‘रिया’ था फिर संजय राउत सुशांत परिवार को धो ‘रिया’ था, अब मुंबई में सरकार रो ‘रिया’ है। जल्दी ही सुनेंगे महाराष्ट्र सरकार जा ‘रिया’ है।’
पहले महाराष्ट्र सरकार सो “रिया” था
फिर संजय राउत सुशांत परिवार को धो “रिया” था
अब मुंबई में सरकार रो “रिया” है
दोस्तों जल्दी ही सुनेंगे महाराष्ट्र सरकार जा “रिया” है।#महाराष्ट्रसरकार_रो_रिया_है— Sambit Patra (@sambitswaraj) August 19, 2020
वहीं, केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने ट्वीट किया, ‘न्याय की जीत हुई। सुशांत सिंह राजपूत की आत्मा को अब संतोष मिलेगा कि उनकी दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु के कारणों की सीबीआई द्वारा निष्पक्ष और त्वरित जांच होगी जिसके लिए पटना में दायर बिहार पुलिस की एफ़आईआर को सुप्रीम कोर्ट ने वैधानिक मानते हुए सीबीआई की जांच के लिए स्थानांतरित किया है। उन्होंने इस मामले को आगे ले जाने के लिए दिवंगत अभिनेता के परिजन के साहस का अभिनंदन करते हुए कहा कि पूरा देश आज सुशांत को न्याय मिले, इस भावना के साथ खड़ा है।
‘सीबीआई जांच से दूध का दूध, पानी का पानी होगा’
इसके अलावा, बीजेपी प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश से पूरे देश के लोगों में खुशी है कि अब इस मामले में न्याय होगा। उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘अब सीबीआई जांच करेगी। दूध का दूध, पानी का पानी होगा। जिस तरह से सुशांत मामले को महाराष्ट्र सरकार अटका, लटका और भटका रही थी, अब इस मुद्दे पर पूरे न्याय की उम्मीद है।’
सुप्रीम कोर्ट ने आदेश में क्या कहा?
बता दें कि न्यायमूर्ति ऋषिकेश रॉय की एकल पीठ ने सुशांत मामले पर अपने फैसले में कहा कि बिहार सरकार इस मामले को जांच के लिए सीबीआई को हस्तांतरित करने में सक्षम थी। उन्होंने कहा कि राजपूत के पिता की शिकायत पर बिहार पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज करना सही था और इसे सीबीआई को सौंपना विधिसम्मत था। शीर्ष अदालत ने अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती की याचिका पर यह फैसला सुनाया। रिया ने पटना में दर्ज मामला मंबई हस्तांतरित करने का अनुरोध करते हुये अपनी याचिका में कहा था कि मुंबई पुलिस सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में काफी जांच कर चुकी है।







