बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत मामले में ड्रग्स एंगल से जांच कर रही नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने बताया कि एसआईटी के एक सदस्य कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। इस वजह से एनसीबी ने पूछताछ के लिए बुलाई गईं सुशांत की पूर्व बिजनेस मैनेजर श्रुति मोदी को कुछ देर बाद वापस भेज दिया।

ड्रग्स के मामले में आगे की जांच करने के लिए एनसीबी ने श्रुति मोदी को समन भेजकर दफ्तर में बुधवार को पेश होने के लिए बुलाया था। श्रुति आज सुबह दफ्तर पहुंची भीं, लेकिन कुछ देर बाद वह वापस वहां से चली गईं। इस पर एनसीबी ने कहा, ‘एसआईटी के एक सदस्य कोविड-19 पॉजिटिव मिले हैं। हमें अभी ही उनकी एंटीजेन टेस्ट रिपोर्ट मिली है। ऐसे में बाकी लोगों की भी कोरोना जांच करवाई जाएगी और तय प्रोटोकॉल को माना जाएगा। इसी के चलते, आज जांच में शामिल हुईं श्रुति मोदी को हमने वापस भेज दिया है।’

सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व बिजनेस मैनेजर पहले भी मामले में अन्य एजेंसी के सामने पेश हो चुकी हैं। उन्हें प्रवर्तन निदेशालय ने पूछताछ के लिए बुलाया था। एनसीबी ने ईडी से मिली आधिकारिक जानकारी के आधार पर मामले की जांच शुरू की थी। 

वहीं, मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए एम्स के डॉक्टरों की टीम दोबारा विसरा जांच कर रही है। एक्टर को जहर दिया गया था या नहीं, इसका पता लगाने के लिए एम्स की फॉरेंसिक टीम विसरा टेस्ट कर रही है, जिसमें विसरा सैंपल की एनालिसिस रिपोर्ट 17 या 20 सितंबर को तैयार होने की संभावना है। सुशांत सिंह राजपूत की विसरा रिपोर्ट का एक बार विश्लेषण मुंबई में किया गया था और दूसरी बार विश्लेषण के लिए एम्स को भेजा गया है। 

14 जून को फ्लैट में मृत मिले थे सुशांत

सुशांत सिंह राजपूत 14 जून को मुंबई के बांद्रा में स्थित अपने घर में मृत पाए गए थे। सुशांत सिंह के अंतिम पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला था कि उनके शरीर पर किसी भी तरह के चोट निशान नहीं मिले थे। हालांकि, बाद में सुशांत के परिवार की ओर से एफआईआर कराए जाने के बाद से मामले ने तूल पकड़ लिया और अब इसकी जांच सीबीआई, एनसीबी और ईडी जैसी एजेंसियां कर रही हैं।





Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here