बजट एयरलाइन स्पाइसजेट को भारत से ब्रिटेन के लिए उड़ान सेवाएं शुरू करने की अनुमति मिल गयी है। कंपनी ने शुक्रवार को इस बारे में शेयर बाजार को जानकारी दी। कंपनी को भारत की अनुसूचित एयरलाइन का दर्जा मिल चुका है। कंपनी ने कहा कि द्विपक्षीय हवाई यातायात सेवा समझौते के तहत भारत और ब्रिटेन की सरकार ने स्पाइसजेट को ‘भारत-ब्रिटेन वायुमार्ग पर सेवा शुरू करने की अनुमति दी थी।
‘हवाई सेवा समझौता एक द्विपक्षीय समझौता होता है जो दोनों देशों के बीच अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक यात्री उड़ान सेवाएं शुरू करने की अनुमति देता है। स्पाइसजेट को यह अनुमति ऐसे समय में मिली है जब कोरोना वायरस के चलते देशभर में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर 22 मार्च से पाबंदी है। मौजूदा समय में केवल सरकारी विमानन कंपनी एयर इंडिया भारत और ब्रिटेन के बीच उड़ानों का परिचालन कर रही है।
यह भी पढ़ें: स्पाइसजेट अमेरिका के लिए भरेगी उड़ान, ऐसा करने वाली देश की पहली बजट एयरलाइन
इससे पहले उसको भारत-अमेरिका रूट्स के लिए शेड्यूल एयरलाइन के रूप में नामित किया गया है। स्पाइसजेट अब नामित होने के बाद अंतर्राष्ट्रीय परिचालन को फिर से शुरू करने के लिए प्राइवेट एयरलाइंस के बीच शुरुआती बढ़त ले सकती है। हालांकि कंपनी ने यह नहीं बताया कि सर्विस कब शुरू होगी। भारत-अमेरिका रूट पर स्पाइसजेट दोनों देशों के बीच एयर सर्विसेज एग्रीमेंट के अनुसार काम करेगी। अभी सिर्फ राष्ट्रीय विमानन कंपनी एयर इंडिया ही भारत-अमेरिका मार्ग पर उड़ानों का परिचालन करती है।







