तीन-चार दिनों से बाढ़ और कोरोना संकट को लेकर लगातार बिहार सरकार पर तल्ख टिप्पणी कर रहे लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व जमुई सांसद चिराग पासवान पर बुधवार को लोकसभा में जदयू संसदीय दल के नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने जमकर हमला बोला। चिराग के बयानों को लेकर मीडिया के सवाल पर ललन सिंह ने कहा कि चिराग क्या कहते हैं, ये वही जानें। वे कालिदास हैं। कालिदास इस बात के लिए प्रसिद्ध हैं कि जिस डाल पर बैठे थे उसी को काटने लगे। दरअसल चिराग पासवान विपक्ष की भूमिका निभा रहे हैं।
मुंगेर के जदयू सांसद राजीव रंजन सिंह ने कहा कि जहां तक कोरोना का प्रश्न है तो इस मामले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बहुत ही संवेदनशील हैं और आज की तारीख में बिहार में प्रतिदिन लगभग 83 हजार टेस्ट हो रहा है, जिसे अगले 3 दिनों में 1 लाख करने का लक्ष्य है। कल हुए 83 हजार में मात्र 3 हजार 771 पॉजिटिव पाए जो कि जांच का 5% से भी कम है और बिहार का रिकवरी रेट भी लगभग 66% है।
ललन सिंह ने कहा कि मंगलवार को माननीय प्रधानमंत्री महोदय ने 10 राज्यों के साथ बैठक में सामान्य तौर पर कहा था कि कोरोना की स्थिति को देखते हुए टेस्ट की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता है। अब ये अलग बात है कि लोजपा की कहां पर निगाहें और कहां निशाना है, ये तो वही जाने। यूं भी कहा ही गया है निंदक नियरे राखिए, आंगन कुटी छवाय। नीतीश कुमार काम करने में विश्वास करते हैं। बिहार में कोरोना जांच में लगातार वृद्धि हो रही है। प्राइमरी हेल्थ सेंटर तक पर टेस्ट हो रहा है। जांच के अनुरूप पॉजिटिव मामले भी नियंत्रित हैं, अन्य राज्यों की तुलना में यह बेहतर है। दावा किया कि यहां डेडिकेटेड कोविड केयर सेंटर में हर बेड के साथ ऑक्सीजन की सुविधा है, वेंटिलेटर की पर्याप्त व्यवस्था है।
बिहार सरकार कोरोना और बाढ़ से निपटने में फेल: चिराग पासवान
लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान ने आरोप लगाया कि बिहार सरकार कोरोना संकट और बाढ़ से निपटने में फेल हो रही है। बिहार में बाढ़ को लेकर बिहारवासी हर साल ऐसी तस्वीर देखते हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 15 साल से सत्ता में है। उन्हें अच्छा खासा अनुभव है। फिर भी क्या बदलाव आया? चिराग पत्रकारों से बातचीत में एक बार फिर राज्य की अपनी ही एनडीए सरकार पर हमलावर दिखे। कहा बिहार अभी चुनाव के लिए तैयार नहीं है। समाज का पिछड़ा वर्ग अब भी तकनीक से बहुत दूर है और बिहार के सभी समाज के बीच वर्चुअल रैली के जरिए नहीं पहुंचा जा सकता है। मैंने बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलकर उनको परिस्थिति से अवगत करा दिया है।







