चंडीगढ़ः हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर ने गुरुवार को कहा कि राज्य में बीजेपी-जननायक जनता पार्टी(जेजेपी) का गठबंधन मजबूत है. उन्होंने कहा कि जेजेपी के कुछ विधायकों द्वारा किसानों के विरोध प्रदर्शन का खुल कर समर्थन करने के बावजूद उन्हें या बीजेपी को कहीं से भी कोई समस्या नहीं है.
मनोहर लाल खट्टर ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, “हमारा गठबंधन मजबूत है. कहीं से भी कोई समस्या नहीं है. पिछले एक साल में हमने जो काम किया है, उससे अगले चार साल में विकास कार्यों में तेजी आएगी.” राज्य मंत्रिमंडल की अनौपचारिक बैठक करने के बाद खट्टर से जेजेपी विधायकों द्वारा किसानों के विरोध प्रदर्शन को समर्थन देने के बारे में पूछा गया था, जिसपर उन्होंने ये बातें कही.
किसानों के साथ होगा नरम व्यवहार
जेजेपी के वरिष्ठ नेता और विधायक राम कुमार गौतम ने हाल ही में मांग की थी कि नए कृषि कानूनों को रद्द करने को लेकर केंद्र से अनुरोध करने के लिए एक प्रस्ताव लाने के जरिए राज्य विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया जाए. एक प्रश्न के उत्तर में हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार उन किसानों के साथ नरमी से पेश आएगी, जिन पर पिछले महीने हरियाणा पुलिस ने मामला दर्ज किया था.
अपने हैं किसान
यह पूछे जाने पर कि जेजेपी ने मामले वापस लेने की मांग की है, मनोहर लाल खट्टर ने कहा, “यह कोई बड़ा मुद्दा नहीं है, सभी चीजों को ध्यान में रखा जाएगा.” उन्होंने कहा, “किसान हमारे अपने हैं, जो अपने होते हैं उनके साथ सारी चीजें ठीक होती हैं.”
संतोष का विषय ये है कि केंद्र और किसानों के बीच कई दौर की बातचीत के बाद उनकी बहुत सी मांगों पर सरकार ने मानने के संकेत दिए हैं। उनकी 5-6 मांगों को मानने के लिए केंद्र सरकार ने कहा है। किसानों से अपील है कि जो समाधान किया जा रहा है ये उचित है इसे मानकर धरना समाप्त करें: हरियाणा CM pic.twitter.com/HkMJZssvQP
— ANI_HindiNews (@AHindinews) December 10, 2020
केंद्रीय कृष मंत्री से की मुलाकात
बता दें कि हाल ही में, कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर से मिलने के लिए हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर उनके घर पहुंचे थे. किसान आंदोलन को लेकर नरेंद्र सिंह तोमर और मनोहर लाल खट्टर के बीच बातचीत हुई. बता दें कि कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर किसानों का विरोध प्रदर्शन जारी है.
ये भी पढ़ें-
विदेश मंत्री जयशंकर के बयान से तिलमिलाया चीन, तनाव के लिए उल्टा भारत को ठहराया कसूरवार







