हरियाणा में मनोहर लाल खट्टर की अगुवाई वाली भाजपा सरकार ने राज्य के सभी 22 में से 17 जिलों में तुरंत प्रभाव से इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगा दी है। हालांकि 5 जिलों में इंटरनेट अब भी चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, सोनीपत, पलवल व झज्जर में पहले ही इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगी हुई है। आज जिन 14 और जिलों में इंटरनेट सेवा रोकी गई है उनमें अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत, हिसार, जींद, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद, रेवाड़ी और सिरसा जिले शामिल हैं। इन जिलों में वॉयस कॉल को छोड़कर इंटरनेट सेवाओं को 30 जनवरी, 2021 शाम 5 बजे तक के लिए बंद करने का निर्णय लिया गया है। वहीं प्रदेश के जिन 5 जिलों में इंटरनेट सेवा चल रही है उनमें गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, पंचकूला और महेंद्रगढ़ शामिल हैं।
हरियाणा सरकार ने तुरंत प्रभाव से अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत, हिसार, जींद, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद, रेवाड़ी और सिरसा जिलों में वॉयस कॉल को छोड़कर इंटरनेट सेवाओं को 30 जनवरी, 2021 शाम 5 बजे तक के लिए बंद करने का निर्णय लिया है।
— DPR Haryana (@DiprHaryana) January 29, 2021
सरकार ने ये आदेश क्षेत्र में शांति और सार्वजनिक व्यवस्था में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए जारी किए हैं। सरकार ने सभी टेलिकॉम ऑपरेटरों को इन निर्देशों का पालन करने के लिए कहा है।
जानकारी के मुताबिक, राज्य सरकार ने एसएमएस, वॉट्सऐप, फेसबुक, ट्विटर आदि विभिन्न सोशल मीडिया माध्यमों से दुष्प्रचार और अफवाहों का प्रसार रोकने के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद रखने की अवधि अगले 24 घंटे और बढ़ाने का निर्णय लिया है।







