राजधानी दिल्ली में तेजी से बढ़ते कोरोना संक्रमितों की संख्या पर दिल्ली हाईकोर्ट ने गुरुवार को दिल्ली सरकार को आड़े हाथ लिया है। हाईकोर्ट ने कहा है कि महामारी सरकार पर पूरी तरह से हावी हो गई है और दिल्ली जल्द ही कोरोना कैपिटल (Corona Capital) बनने जा रही है। हाईकोर्ट ने कहा कि सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदम पूरी तरह से विफल हो रहे हैं।
जस्टिस हीमा कोहली और एस. प्रसाद की बेंच ने नगर निगम सेवानिवृत कर्मचारी कल्याण समिति व अन्य की ओर से दाखिल याचिका पर सुनवाई के दौरान यह टिप्पणी की है। बेंच ने कहा कि जिस तेजी से कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है, दिल्ली जल्द ही कोरोना की राजधानी हो जाएगी।
दिल्ली में कोरोना व प्रदूषण का डबल अटैक, केजरीवाल बोले- पटाखे जलाने…
बेंच ने कहा है कि दिल्ली सरकार द्वारा कई दावे किए गए थे कि वे सबसे अधिक जांच कर रहे हैं, लेकिन मामलों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। बेंच ने कहा है कि सरकार को कई सवालों के जवाब देने होंगे। मामले की सुनवाई अभी जारी है।
दिल्ली में एक दिन में सर्वाधिक 6,842 नए मरीज मिले, 51 की मौत
राजधानी में बुधवार को कोरोना वायरस संक्रमण के एक दिन में सर्वाधिक 6,842 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों का कुल आंकड़ा 4.09 लाख हो गया। दिल्ली में पहली बार कोविड-19 के 6,800 से अधिक नए मामले सामने आए हैं। इसके पहले मंगलवार को दिल्ली में संक्रमण के 6,725 नए मामले सामने आए थे।
दिल्ली सरकार द्वारा जारी नवीनतम आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी में संक्रमण के कारण 51 और मरीजों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 6,703 हो गई। मंगलवार को 58,910 नमूनों की जांच के बाद 6,842 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई और संक्रमित होने की दर बढ़कर 11.61 प्रतिशत हो गई। बुलेटिन के मुताबिक, दिल्ली में फिलहाल 37,379 मरीजों का इलाज चल रहा है। दिल्ली में रविवार तक लगातार पांच दिनों तक संक्रमण के 5,000 से अधिक नए मामले सामने आ रहे थे। दिल्ली में संक्रमण के कुल मामलों का आंकड़ा 4,09,938 पहुंच चुका है।







