कोविड-19 महामारी के कारण स्लोडाउन झेल रही भारतीय अर्थव्यवस्था को ऑटो सेक्टर से राहत भरी सांस मिली है। मारुति सुजुकी इंडिया, हीरो मोटो, हुंदै और टाटा मोटर्स जैसे कंपनियों की खुदरा बिक्री इस साल नवरात्रि में पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में बेहतर रही है। इन कंपनियों का कहना है कि इस साल नवरात्रि के दौरान पिछले कुछ माह की दबी मांग के चलते उनकी बिक्री में उछाल आया है। हुंदै, हीरो मोटो ने भारत में अक्टूबर में जीवनकाल की सबसे अधिक होलसेल डिलीवरी डीलर्स को की है। नवरात्रि में नया सामान और संपत्ति खरीदना शुभ माना जाता है।
हीरो ने बेची 8,06,848 यूनिट्स
नवरात्रि और दिवाली के कारण सेंटीमेंट में सुधार आया है। हीरो मोटो कॉर्प ने अक्टूबर 2020 में बाइक और टू्-व्हीलर की 8,06,848 यूनिट्स बेची हैं। ये अब तक की सबसे अधिक एक महीने की सेल है। हीरो मोटोकॉर्प ने बीते साल अक्टूबर 2019 की तुलना में इस साल अक्टूबर 2020 में 35 फीसदी की ग्रोथ दर्ज की है।
देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति की बिक्री नवरात्रि में 27 फीसद बढ़कर 96,700 इकाई पर पहुंच गई। मारुति सुजुकी के कार्यकारी निदेशक (बिक्री एवं विपणन) शशांक श्रीवास्तव ने कहा, ”नवरात्रि में हमारी बिक्री 96,700 इकाई रही है, जो पिछले साल की तुलना में अधिक है। पिछले साल इस अवधि में मारुति की बिक्री 76,000 वाहन रही थी।
अक्टूबर में मारुति की बिक्री 18.9 फीसद बढ़ी
देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) की बिक्री अक्टूबर में 18.9 फीसद बढ़कर 1,82,448 इकाई पर पहुंच गई। इससे पिछले साल के समान महीने में कंपनी ने 1,53,435 वाहन बेचे थे। कंपनी की ओर से जारी बयान के अनुसार घरेलू बाजार में उसकी बिक्री 19.8 फीसद बढ़कर 1,72,862 इकाई पर पहुंच गई, जो अक्टूबर, 2019 में 1,44,277 इकाई रही थी।
मांग बढ़ाने के लिए सरकार दिवाली से पहले ला सकती एक और राहत पैकेज, मोदी सरकार कर रही है तैयारी
हुंदै मोटर इंडिया की खुदरा बिक्री 28 फीसद का इजाफा
इसी तरह नवरात्रि में हुंदै मोटर इंडिया की खुदरा बिक्री 28 फीसद बढ़कर 26,068 इकाई पर पहुंच गई। वहीं टाटा मोटर्स की बिक्री 90 फीसद बढ़कर 10,887 इकाई रही, जो पिछले साल इस अवधि में 5,725 इकाई रही थी। इस अवधि में कंपनी ने 6,641 यूटिलिटी वाहन और 4,246 कारें बेचीं। पिछले साल इस अवधि में कंपनी ने 3,321 कारें और 2,404 यूनिटलिटी वाहन बेचे थे। टाटा मोटर्स के यात्री वाहन कारोबार इकाई के विपणन प्रमुख विवेक श्रीवत्स ने कहा, ”महामारी की वजह से आई सुस्ती के बावजूद कंपनी की सभी नई ‘फोरएवर श्रृंखला की कारों तथा यूटिलिटी वाहनों की मांग और बुकिंग में अच्छी वृद्धि दर्ज हुई है।
किया मोटर्स की बिक्री 224 फीसद बढ़ी
नवरात्रि की दस दिन की अवधि के दौरान किया मोटर्स की बिक्री 224 फीसद बढ़कर 11,640 इकाई पर पहुंच गई। वहीं टोयोटा किर्लोस्कर मोटर्स की बिक्री में भी उछाल आया। टोयोटा किर्लोस्कर मोटर्स के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (बिक्री एवं सेवा) नवीन सोनी ने कहा, ”नवरात्रि में हमारी बिक्री करीब 5,000 इकाई की रही है, जो पिछले साल की समान अवधि से करीब 13 फीसद अधिक है।
महिंद्रा एंड महिंद्रा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ऑटोमोटिव खंड) विजय नाकरा ने कहा, ”इस साल नवरात्रि पर एसयूवी श्रेणी में हमारी बुकिंग 41 फीसद बढ़ी है। कुल मिलाकर (पिकअप और छोटे वाणिज्यिक वाहन सहित) हमारी बिक्री पिछले साल की समान अवधि से करीब 20 फीसद अधिक रही है। होंडा कार्स इंडिया ने कहा कि नवरात्रि पर उसकी खुदरा बिक्री में 10 फीसद की बढ़ोतरी हुई है।
एमजी मोटर की बिक्री छह फीसद बढ़कर 3,750 इकाई पर
एमजी मोटर इंडिया की खुदरा बिक्री अक्टूबर में छह फीसद बढ़कर 3,750 इकाई पर पहुंच गई। एक साल पहले समान महीने में कंपनी ने 3,536 वाहन बेचे थे। कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि उसकी एसयूवी हेक्टर की बिक्री का आंकड़ा अक्टूबर में 3,625 इकाई पर पहुंच गया। यह इस वाहन की मासिक बिक्री का सबसे ऊंचा आंकड़ा है। सितंबर, 2020 में हेक्टर की बिक्री 2,410 इकाई रही थी। इस तरह सितंबर की तुलना में अक्टूबर में हेक्टर की बिक्री में 50 फीसद की वृद्धि हुई है।
कंपनी ने कहा कि उसकी हाल में पेश प्रीमियम एसयूवी ग्लॉस्टर को अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। कंपनी को इस वाहन के लिए अब तक 2,000 बुकिंग मिल चुकी हैं। एमजी मोटर इंडिया के निदेशक (बिक्री) राकेश सिदाना ने कहा, ”हमें वृद्धि का यह रुख दिवाली की वजह से नवंबर में भी जारी रहने की उम्मीद है। बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए हम आपूर्ति बढ़ा रहे हैं।
नवरात्रि में मारुति, हुंदै, टाटा मोटर्स और अन्य वाहन कंपनियों की बिक्री ने पकड़ी रफ्तार







